अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में अब तैराकी को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में नई पहचान दी जाएगी। गांव और कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारकर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए सरकार ने एक बड़ा रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तैराकी महासंघ मिलकर पूरे प्रदेश में एक बड़ा प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि पिछले चार सालों में तैराकी सीख चुके करीब 28 हजार बच्चों के पुराने रिकॉर्ड और 1,000 मास्टर ट्रेनरों के अनुभव की मदद से नए चैंपियन तलाशे जाएंगे।
इस पूरी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए सोमवार को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। बैठक में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक कुमार, खेल प्राधिकरण के डीजी रवीन्द्रण शंकरण, उप निदेशक हिमांशु सिंह, भारतीय तैराकी महासंघ के चेयरमैन वीरेन्द्र नानावटी, महासचिव मोनाल चौकसी और बिहार तैराकी संघ की अध्यक्ष मानसी सिंह समेत कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों की शारीरिक क्षमता और पानी में उनकी रफ्तार को वैज्ञानिक तरीके से परखा जाए, ताकि सही प्रतिभा सामने आ सके।
28 हजार बच्चों के पुराने रिकॉर्ड से चुने जाएंगे बेहतरीन तैराक
बैठक में यह बात सामने आई कि बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मदद से पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य के लगभग 28 हजार बच्चों को तैराकी की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इन सभी बच्चों के प्रदर्शन का पूरा लेखा-जोखा विभाग के पास मौजूद है। इसमें यह भी दर्ज है कि किस बच्चे ने कितनी देर में तैराकी पूरी की। अब इन्हीं आंकड़ों का बारीकी से विश्लेषण किया जाएगा। जिन बच्चों का प्रदर्शन और रफ्तार बेहतर रही है, उन्हें अलग से छांटा जाएगा। इसके बाद इन चुने हुए बच्चों को आगे की खास ट्रेनिंग दी जाएगी और बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
1000 मास्टर ट्रेनरों को मिलेगी वैज्ञानिक तरीके से परखने की ट्रेनिंग
अभियान के शुरुआती चरण में राज्य भर में काम कर रहे करीब 1,000 मास्टर ट्रेनरों की क्षमता को भी परखा जाएगा। इसमें यह देखा जाएगा कि किस इलाके में कितने ट्रेनर हैं, उनका अनुभव कैसा है और उनकी खुद की तैराकी कैसी है। इसके लिए जल्द ही एक खास वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। इस वर्कशॉप में ट्रेनरों को सिखाया जाएगा कि वे शुरुआती दौर में ही अच्छे तैराकों की पहचान कैसे करें और तय वैज्ञानिक मानकों पर बच्चों का टेस्ट कैसे लें। इससे फायदा यह होगा कि प्रखंड स्तर पर ही होनहार बच्चों की पहचान हो सकेगी।
प्रखंड से शुरू होकर राज्य स्तर तक पहुंचेगी चयन प्रक्रिया
खेल विभाग ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रखने की योजना बनाई है। सबसे पहले उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर बच्चों की शुरुआती छंटनी होगी। इसके बाद भारतीय तैराकी महासंघ के विशेषज्ञों की सलाह से फिटनेस और तैराकी कौशल जांचने के नियम तय किए जाएंगे। चुने गए बच्चों का फिजिकल टेस्ट और तैराकी ट्रायल लिया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया पहले प्रखंड स्तर पर होगी, फिर जिला और अंत में राज्य स्तर पर ट्रायल लिए जाएंगे। बिहार सरकार ने भारतीय तैराकी महासंघ से अनुरोध किया है कि वे अपने अनुभवी टैलेंट स्काउट्स और तकनीकी जानकारों को बिहार भेजें और इस पूरे अभियान के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी ताकत राज्य में पहले से तैयार तैराकी का मजबूत नेटवर्क है। 28 हजार प्रशिक्षित बच्चों और 1,000 मास्टर ट्रेनरों के अनुभव का सही इस्तेमाल करके राज्य में तैराकी का एक मजबूत सिस्टम खड़ा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : इशारों की भाषा से संवरेगा भविष्य, शिक्षक और श्रवण बाधित बच्चों के बीच नहीं रहेगी कोई दीवार




