अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और खेती को बढ़ावा देना बिहार की तरक्की के लिए सबसे जरूरी है। सभी संबंधित विभाग आपस में बेहतर तालमेल बनाकर योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारें, ताकि इसका सीधा फायदा राज्य के छात्रों और किसानों को मिल सके। यह निर्देश सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दिए। ‘बिहार गति’ कार्यक्रम के तहत हुई इस बैठक में 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली राज्य की परियोजनाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के कामकाज की रफ्तार देखी गई। सीएम ने अधिकारियों को साफ हिदायत दी कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतें और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करना सुनिश्चित करें।
मार्च 2027 तक पूरा होगा तीनों यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य
समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने विभाग की योजनाओं की ताजा स्थिति की जानकारी दी। सीएम सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और नेशनल हाइवे से जुड़ने वाली सड़क समेत तीनों यूनिवर्सिटी के सभी निर्माणाधीन भवनों का काम मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के संपूर्ण विकास के लिए सभी जुड़े पक्षों से बातचीत कर एक मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। सीएम ने यह भी सख्त निर्देश दिया कि यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में केवल पढ़ने वाले छात्र ही रहें, इसकी व्यवस्था पक्की की जाए। इसके अलावा राज्य के बीएड कॉलेजों में जल्द से जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया।
नकदी फसलों पर फोकस और इंटरनेशनल मार्केट तक पहुंचेगा बिहारी उत्पाद
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के कामकाज का ब्योरा पेश किया। इस पर सीएम ने कहा कि कृषि योजनाओं का असली मकसद किसानों की आमदनी बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना होना चाहिए। उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं तय करने और किसानों के फायदे के लिए नकदी फसलों की जिले के हिसाब से अलग-अलग कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। बिहार के कृषि उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए सीएम ने इनकी बेहतर ब्रांडिंग और बाजार की उपलब्धता पर खास जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को साल 2030 तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स के नए माध्यम विकसित करने का लक्ष्य दिया, ताकि बिहार के किसानों की उपज आसानी से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सके।
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह और उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : गरीबों का बचेगा समय और पैसा, अब 899 रेवेन्यू कोर्ट में डिजिटल माध्यम से होगा न्याय : सीएम सम्राट




