अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के गांवों और कस्बों में रहने वाले लाखों परिवारों के लिए जमीन का कोई छोटा सा विवाद भी किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं होता। मुकदमे की एक तारीख पर पेशी के लिए सुबह से शाम तक का सफर, मजदूरी का नुकसान, किराए का खर्च और दफ्तरों के बाहर घंटों का इंतजार आम आदमी की कमर तोड़ देता है। सीएम सम्राट अब यह तस्वीर बदलने जा रहे हैं। राज्य के 899 रेवेन्यू कोर्ट में अब वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई शुरू हो गई है। सोमवार को सीएम सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत ऑनलाइन सुनवाई की इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया।
गरीब और दूर-दराज के लोगों की सबसे बड़ी मुश्किल होगी आसान
इस नई व्यवस्था की शुरुआत करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने आम आदमी की इसी परेशानी को सबसे पहले रखा। उन्होंने कहा कि बिहार में राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। इन मुकदमों की पैरवी के लिए दूर-दराज के इलाकों से आने वाले गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा कठिनाई उठानी पड़ती है। वर्चुअल सुनवाई शुरू होने से अब लोगों को बार-बार कोर्ट और कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे या अपने नजदीकी केंद्र से डिजिटल माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे न केवल आम लोगों के समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि अदालतों पर बढ़ता मुकदमों का बोझ भी कम होगा। सीएम ने इसे सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला एक बड़ा कदम बताया।

हर सुनवाई की होगी रिकॉर्डिंग, आदेशों की गुणवत्ता पर रहेगी पैनी नजर
अक्सर रेवेन्यू कोर्ट की कार्यप्रणाली और पारित आदेशों को लेकर आम लोगों के मन में कई तरह के सवाल रहते हैं। इसे दूर करने के लिए इस नई प्रणाली में पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा गया है। हर वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और लिखित ट्रांसक्रिप्शन सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे पूरी कार्यवाही का स्पष्ट प्रमाण मौजूद रहेगा। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल सुनवाई ही नहीं, बल्कि अदालतों से पारित होने वाले आदेशों की गुणवत्ता की भी नियमित जांच की जाए। इसके लिए विभाग में एक विशेष सेल गठित करने को कहा गया है, ताकि हर आदेश पूरी तरह निष्पक्ष, स्पष्ट और प्रभावी हो। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि इस व्यवस्था की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
तारीख भूलने का डर नहीं, एसएमएस और कॉल सेंटर से मिलेगी सूचना
तकनीकी जानकारी के अभाव में ग्रामीण इलाकों के लोग सुनवाई की तारीख से चूक न जाएं, इसके लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सीएम ने निर्देश दिया कि पक्षकारों को सुनवाई की तिथि और समय की सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजी जाए। इसके साथ ही एक समर्पित कॉल सेंटर भी स्थापित किया जाए, जहां से फोन करके संबंधित लोगों को उनकी सुनवाई की जानकारी दी जा सके। इससे किसी भी व्यक्ति को अपने मामले की अगली तारीख जानने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली को दर्शाती एक वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।

घर बैठे अपलोड होंगे दस्तावेज और दिखेगी केस की स्थिति
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने इस नई प्रणाली की बारीकियों पर एक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से केवल सुनवाई ही ऑनलाइन नहीं होगी, बल्कि वादों से जुड़े सबूत और जरूरी दस्तावेज भी घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपलोड किए जा सकेंगे। पक्षकार अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए कभी भी अपने केस की ताजा स्थिति देख पाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में सचिव जय सिंह ने सीएम को हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
समारोह में मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की सचिव सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय और भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत शामिल हुए। इसके अलावा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और रेवेन्यू कोर्ट से जुड़े अधिकारी भी इस कार्यक्रम में सहभागी बने।
इसे भी पढ़ें : विजनरी नेतृत्व, ठोस परिणाम… सीएम सम्राट के भरोसे पर बरसेगा ₹2.25 लाख करोड़ का निवेश




