अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज की 360वीं जयंती (प्रकाश पर्व-2027) के भव्य आयोजन को लेकर बिहार सरकार ने कमर कस ली है। अगले साल 9 से 16 जनवरी 2027 तक तख्त श्री हरमंदिर जी, पटना साहिब में आयोजित होने वाले इस महापर्व की थीम ‘बिहार है तैयार – जी आयां नू’ रखी गई है। मंगलवार को बिहार के CS यानी मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में सभी आधारभूत और व्यवस्थागत तैयारियां पूरी करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आतिथ्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कंगन घाट पर बनेगी भव्य टेंट सिटी, 1000 ड्रोन का दिखेगा शो
पर्यटन विभाग की ओर से कंगन घाट से गुरु का बाग तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी और 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला दीवान हॉल तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा लंगर के लिए विशेष हैंगर और गतका व पारंपरिक खेलों के लिए स्टेडियम भी बनाया जाएगा। बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी चालित वाहन चलेंगे और एक समर्पित मोबाइल ऐप भी लॉन्च होगा। आयोजन के मुख्य आकर्षण के रूप में 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1000 ड्रोन का शो होगा, जबकि 16 जनवरी की तड़के भव्य आतिशबाजी की जाएगी। वहीं कला एवं संस्कृति विभाग 9 और 10 जनवरी को ज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन और 10 जनवरी को गांधी मैदान में सभ्याचार कार्यक्रम आयोजित करेगा।

25 दिसंबर तक दुरुस्त होंगी सड़कें, लटकते बिजली के तार भी हटेंगे
बुनियादी ढांचे को समय पर तैयार करने के लिए पथ निर्माण और ऊर्जा विभाग को 25 दिसंबर 2026 तक की डेडलाइन दी गई है। इस तारीख तक अशोक राजपथ से कंगन घाट, न्यू बाईपास लिंक पथ और पटना साहिब स्टेशन के आसपास की सभी सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी। ऊर्जा विभाग निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के साथ ही हरमंदिर गली और आसपास की गलियों से लटकते तारों को हटाने का काम 25 दिसंबर तक पूरा करेगा। सुरक्षा और निगरानी के लिए पटना नगर निगम कंगन घाट से गुरु का बाग तक स्थायी सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। स्वच्छता और पेयजल के लिए अस्थायी एसटीपी, चलंत शौचालय, 57 पानी के टैंकर और 10 जल एटीएम लगाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं और करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए शिक्षा विभाग ने 62 स्कूलों को चिह्नित किया है।
अस्थायी अस्पताल और 15 नए चेक पोस्ट बनेंगे, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
स्वास्थ्य और सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कंगन घाट टेंट सिटी, बाईपास थाना के पास और गांधी मैदान में अस्थायी अस्पताल बनेंगे, जबकि पीएमसीएच, एनएमसीएच और गुरु गोविन्द सिंह सदर अस्पताल में डेडिकेटेड वार्ड सुरक्षित रहेंगे। रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और गुरुद्वारों समेत 14 जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए गृह विभाग अतिरिक्त पुलिस बल के साथ 15 नए चेक पोस्ट बनाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए गायघाट से कंगन घाट के बीच कैटामरैन चलाने की योजना है। साथ ही अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से पटना के लिए अतिरिक्त फ्लाइट्स और विभिन्न राज्यों से पटना साहिब के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का अनुरोध केंद्र सरकार और रेलवे बोर्ड से किया गया है। लंगर में दूध, पनीर और घी की कमी न हो, इसके लिए सुधा डेयरी को पर्याप्त आपूर्ति करने की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य सचिव ने टेंडर और खरीदारी की प्रक्रिया तेज करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : खेलों का हब बनेगा बिहार, सीएम सम्राट ने दिया स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी करने का निर्देश




