अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगू बुरू की पहाड़ियां मंगलवार को एक ऐतिहासिक समागम की गवाह बनीं। मौका था लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह का। झारखंड के अलावा ओडिशा, बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और पड़ोसी देश नेपाल तक से आए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जब सीएम हेमंत सोरेन मंच पर पहुंचे, तो पूरा परिसर पारंपरिक वाद्ययंत्रों और जयकारों से गूंज उठा। इससे पहले ललपनिया हैलीपैड पर उतरते ही स्थानीय प्रशासन ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सीएम ने सबसे पहले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपने पूर्वजों की पावन धरती को नमन किया।

खनिजों की धरती पर अपने हक की तलाश
अपने संबोधन में सीएम हेमंत सोरेन काफी भावुक और गंभीर नजर आए। उन्होंने सीधे तौर पर आदिवासी समाज के पिछड़ेपन का मुद्दा उठाया। सीएम ने कहा कि झारखंड की धरती को प्रकृति ने अकूत खनिज संपदा दी है। आज हमारे राज्य के कोयले और खनिजों से पूरे देश के कारखाने चलते हैं और शहर रोशन होते हैं। खदानों के लिए आदिवासियों की जमीनें तो खोदी जा रही हैं, लेकिन विडंबना देखिए कि इस धरती का असली मालिक आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से सबसे पीछे खड़ा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब यह स्थिति बदलनी होगी और झारखंड के खनिजों पर यहां के लोगों की भी हिस्सेदारी तय होनी चाहिए। इसके लिए पूरे समाज को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा।

शिक्षा बनेगी बदलाव का सबसे बड़ा हथियार
सीएम ने भीड़ में मौजूद युवाओं और अभिभावकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि समाज को ताकतवर बनाने का एक ही रास्ता है और वह है शिक्षा। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे बच्चे पढ़-लिखकर आगे नहीं बढ़ेंगे, तब तक हम अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों को नहीं समझ पाएंगे। शिक्षा ही वह हथियार है जो समाज में नई ऊर्जा, तरक्की और सकारात्मक बदलाव ला सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल नौकरी के पीछे न भागें, बल्कि खुद को इतना सक्षम बनाएं कि पूरे समाज का नेतृत्व कर सकें।

पर्यटन के नक्शे पर चमकेगा लुगू बुरू, नई पीढ़ी के लिए बन रहा संग्रहालय
लुगू बुरू के भविष्य का खाका खींचते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पवित्र स्थल को देश के एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का फैसला लिया है। इसके लिए यहां हर साल व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा और इतिहास को सहेजने के लिए यहां एक भव्य संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है। इस संग्रहालय के बनने से आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, रीति-रिवाजों और पौराणिक धरोहरों को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
सरना धर्म कोड और जनगणना को लेकर किया आगाह
मंच से सीएम ने समाज को भविष्य की चुनौतियों के प्रति भी सतर्क किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरना धर्म कोड को लागू कराने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि अभी एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आने वाले समय में जनगणना भी शुरू होने वाली है। ऐसे में आदिवासी समाज को बेहद जागरूक रहने की जरूरत है, ताकि उनकी पहचान और संख्या का सही आंकड़ा दर्ज हो सके।

माता-पिता की स्मृति में सेवा और दिग्गजों का जमावड़ा
इस धार्मिक और सांस्कृतिक महाकुंभ में सेवा भाव भी देखने को मिला। सीएम हेमंत सोरेन ने बताया कि महोत्सव में उनके दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रुपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिनों तक लगातार खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। इस भव्य आयोजन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा, सीएम की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और विधायक उमाकांत रजक भी मौजूद रहे। इसके अलावा ऊर्जा सचिव के. श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ. आर. तांगा पंडीयान, आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, बोकारो डीसी अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीना और आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन व उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू ने व्यवस्थाओं की कमान संभाले रखी। देर शाम तक ललपनिया की वादियों में सरना धर्म और आदिवासी एकता का यह संदेश गूंजता रहा।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने प्रेझा के 3044 युवाओं को थमाई रोजगार की चाबी, बोले- हुनर ही असली ताकत




