अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : एक समय था जब बिहार की पहचान सिर्फ खेती-किसानी और काम की तलाश में बाहर जाने वाले मजदूरों तक सीमित रह गई थी। लेकिन आज राज्य की फिजा बदल रही है। सीएम सम्राट चौधरी के स्पष्ट विजन, मजबूत नेतृत्व और बियाडा (BIADA) की सक्रिय कार्यशैली ने बिहार के औद्योगिक नक्शे को नई दिशा दी है। सरकार की कोशिशों का ही नतीजा है कि देश-विदेश की बड़ी कंपनियां अब बिहार में पैसा लगाने के लिए आगे आ रही हैं। फूड प्रोसेसिंग से लेकर सीमेंट, ऊर्जा, बायोफ्यूल, डेयरी, आईटी और टेक्सटाइल जैसे सेक्टरों में हो रहे निवेश ने राज्य की अर्थव्यवस्था में नई जान फूंक दी है।
बियाडा की तेज रफ्तार और नीतियों ने जीता निवेशकों का भरोसा
उद्योगों को जमीन पर उतारने में बियाडा की भूमिका सबसे अहम रही है। सीएम सम्राट चौधरी के निर्देशों पर काम करते हुए बियाडा ने अपनी कार्यप्रणाली को काफी पारदर्शी और तेज बनाया है। ‘बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025’ के तहत बियाडा की दरों पर जमीन में मिल रही भारी छूट और अन्य रियायतों ने उद्योगपतियों की राह आसान कर दी है। यही वजह है कि आज बियाडा के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी इकाइयां लग रही हैं। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों से बाहर भी 19 बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। सरकार का पूरा जोर इस बात पर है कि इन फैक्ट्रियों के लगने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और ट्रेनिंग मिले, साथ ही कच्चे माल के लिए सीधे बिहार के किसानों और छोटे कारोबारियों को जोड़ा जाए।
पटना से बेगूसराय तक तकनीक और खाद्य उद्योगों का जाल
राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में अब सिर्फ दफ्तर ही नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां भी नजर आ रही हैं। फतुहा में सुप्रीम इंडस्ट्रीज की प्लास्टिक और डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट लग रही है। बिहटा-सिकंदरपुर में हल्दीराम की नमकीन और मिठाई की फैक्ट्री के साथ-साथ सीटीआरएलएस (CtrlS) का डेटा सेंटर बन रहा है। सबसे खास एम्पेरा लाइफ इंडिया का 5,600 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है, जहां बायोसेंसर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनेंगे। इसके अलावा पटना में चावल-दाल मिल, मक्का प्रोसेसिंग, पेपर मिल और बड़े अस्पताल भी खुल रहे हैं।
दूसरी तरफ, मुजफ्फरपुर के मोतीपुर और बरियारपुर में सीमेंट, इथेनॉल, बायोगैस और सोलर मॉड्यूल से जुड़े उद्योग लग रहे हैं। बेगूसराय में वरुण बेवरेजेज और प्रिंस पाइप्स जैसी कंपनियां काम कर रही हैं, तो खगड़िया के प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क से मक्का आधारित उद्योगों को नई ताकत मिल रही है। दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में भी ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, टेक्सटाइल और डेयरी के नए प्लांट लग रहे हैं, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।
भागलपुर में ऊर्जा क्रांति और सीमांचल में कृषि आधारित उद्योग
विकास की यह बयार पूर्वी बिहार और सीमांचल तक पहुंच चुकी है। भागलपुर के पीरपैंती में अडाणी पावर का 28,225 करोड़ रुपये का थर्मल पावर प्रोजेक्ट राज्य के औद्योगिक इतिहास का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है। यहां बन रहे लॉजिस्टिक्स पार्क का काम भी करीब 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। गोपालगंज में चीनी, इथेनॉल और वेयरहाउसिंग की यूनिट्स सक्रिय हैं। इसके साथ ही पूर्णिया के बनमनखी में सिट्रिक एसिड बनाने की फैक्ट्री और अररिया के फारबिसगंज में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लग रही है। इन प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से सीमांचल के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
घर में ही मिलेगा रोजगार, रुकेगा पलायन
सीएम सम्राट चौधरी की इस पहल का सबसे बड़ा और सीधा फायदा बिहार के नौजवानों को मिलने वाला है। इन उद्योगों के पूरी तरह चालू होने से राज्य में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में नई नौकरियां पैदा होंगी। सीमेंट, ऊर्जा, डेयरी और आईटी सेक्टर के विस्तार से पढ़े-लिखे युवाओं के साथ-साथ कुशल कारीगरों को अपने ही घर में सम्मानजनक काम मिल सकेगा। सरकार और बियाडा के इस तालमेल ने यह उम्मीद जगा दी है कि आने वाले समय में बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : सोनपुर मेला : महज ₹900 में AC सफर, कपल पैकेज में खाना-होटल-गाइड सब फ्री




