अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pawan Thakur, Ranchi
राजधानी रांची के चिकित्सा जगत में डॉ रेखा देबुका एक ऐसा नाम हैं, जिन पर झारखंड ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों की महिलाएं भी आंख मूंदकर भरोसा करती हैं। लालपुर स्थित देबुका हॉस्पिटल्स की संचालिका और जानी मानी वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ देबुका ने प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के एक से बढ़कर एक जटिल मामलों को बेहद आसानी से संभाल कर हजारों परिवारों की खुशियां लौटाई हैं। वर्षों के अपने लंबे अनुभव में उन्होंने महिलाओं की सेहत से जुड़े हर छोटे बड़े बदलाव को बेहद करीब से देखा है। आजकल युवा लड़कियों और महिलाओं में तेजी से बढ़ती अनियमित माहवारी यानी इरेगुलर पीरियड्स की समस्या पर डॉ रेखा देबुका ने बेहद सरल और बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी, जो हर घर की महिलाओं के लिए एक जरूरी सबक है।
जब दिमाग पर बढ़ता है तनाव, तो बिगड़ जाता है शरीर का चक्र
डॉ रेखा देबुका मरीजों का इलाज करते समय सिर्फ दवाएं नहीं लिखतीं, बल्कि उनकी दिनचर्या की जड़ तक जाती हैं। वे बताती हैं कि आज उनके क्लीनिक में आने वाली युवा लड़कियों में 60 से 70 प्रतिशत मामले अनियमित पीरियड्स और हैवी ब्लीडिंग के होते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह बताते हुए वे कहती हैं कि पीरियड्स को चलाने वाले हार्मोन सीधे हमारे दिमाग से निकलते हैं। आज हर उम्र की महिला तनाव में है। किशोरियों पर पढ़ाई, प्रतियोगिता और करियर बनाने का दबाव है, तो गृहिणियां अपने बच्चों और परिवार की चिंता में घिरी रहती हैं। जब दिमाग पर तनाव हावी होता है, तो हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाता है। इसके साथ ही नई पीढ़ी की बदलती जीवनशैली ने समस्या को और बढ़ा दिया है। रात 10 बजे के बाद तो आजकल के युवाओं का दिन शुरू होता है। देर रात तक जागने और लगातार मोबाइल स्क्रीन पर तरह तरह के कंटेंट देखने से दिमाग को आराम नहीं मिल पाता, जिससे रात में बनने वाले जरूरी हार्मोन रुक जाते हैं और पीरियड्स का पूरा चक्र गड़बड़ा जाता है।
बदलते सामाजिक चलन और बीमारियों के बीच का गहरा रिश्ता
अपने लंबे चिकित्सकीय अनुभव के आधार पर डॉ देबुका एक बेहद महत्वपूर्ण पहलू की ओर ध्यान दिलाती हैं, जिस पर आमतौर पर लोग बात नहीं करते। वे बताती हैं कि आजकल देर से शादी करने और एक बच्चा ही करने का चलन आम हो गया है। पहले के दौर में महिलाओं के हर दो या तीन साल के अंतराल पर बच्चे होते थे। प्रेग्नेंसी और उसके बाद लंबे समय तक स्तनपान कराने की वजह से पीरियड्स प्राकृतिक रूप से होते रहते थे। इस दौरान बच्चेदानी और ओवरी को आराम मिलता था और वहां किसी बीमारी को पनपने का मौका नहीं मिल पाता था। लेकिन अब कम बच्चे होने के कारण महिलाओं को लगातार पीरियड्स आते हैं। यही वजह है कि आजकल बच्चेदानी में गांठ यानी फाइब्रॉइड, एंडोमेट्रियोसिस और ओवरी में सिस्ट की समस्या बहुत ज्यादा देखने को मिल रही है। यहां तक कि मेनोपॉज के बाद की महिलाओं में भी सिस्ट निकल रहे हैं। हालांकि वे इस भ्रम को भी दूर करती हैं कि शारीरिक संबंधों में कमी या लंबे अंतराल से पीरियड्स बिगड़ते हैं। वे स्पष्ट करती हैं कि इसका सीधा असर तभी पड़ता है जब व्यक्ति किसी मानसिक तनाव से गुजर रहा हो।
मशीनों की सुविधा ने छीनी कसरत, खुद को दें 45 मिनट का समय
जटिल से जटिल मेडिकल केस को सुलझाने वाली डॉ रेखा देबुका का मानना है कि अनियमित माहवारी का असली इलाज किसी मेडिकल स्टोर में नहीं, बल्कि हमारी अपनी रसोई और दिनचर्या में छिपा है। वे याद दिलाती हैं कि पहले घरों में मसाला पीसने से लेकर कपड़े धोने तक के सारे काम हाथों से होते थे, जिससे महिलाओं का शारीरिक व्यायाम अपने आप हो जाता था। आज मिक्सी और वाशिंग मशीन जैसी सुविधाओं ने मेहनत खत्म कर दी है और बाजार के मिलावटी खानपान ने शरीर को कमजोर कर दिया है। डॉ देबुका हर महिला और लड़की को यह मंत्र देती हैं कि तनाव को जिंदगी से पूरी तरह बाहर तो नहीं किया जा सकता, लेकिन रोजाना खुद के लिए कम से कम 45 मिनट निकालकर इसे हराया जरूर जा सकता है। वे सलाह देती हैं कि इस समय में मोबाइल से दूर रहकर टहलने जाएं, साइकिल चलाएं, रस्सी कूदें या शांत बैठकर ध्यान लगाएं। समय पर सोने, घर का शुद्ध खाना खाने और अपने शौक पूरे करने से ही शरीर के हार्मोन फिर से सही तालमेल बिठा पाएंगे और महिलाएं स्वस्थ रह सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : मेहनत की उड़ान : अंतरराष्ट्रीय मंच में चमके रांची के डॉ दिनेश ठाकुर




