अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने और काम में लापरवाही बरतने वालों पर लगाम कसने के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने अब तक का सबसे कड़ा रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के 11 सरकारी डॉक्टरों को एक झटके में नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। ये सभी डॉक्टर बिना किसी सूचना के कई सालों से अपनी ड्यूटी से गायब चल रहे थे। सीएम सम्राट के इस सख्त फैसले ने पूरे स्वास्थ्य महकमे और सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मचा दिया है।
लापरवाही पर नहीं चलेगा कोई बहाना
सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने यह साफ कर दिया है कि जनता की सेवा और इलाज से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण और शहरी इलाकों के सरकारी अस्पतालों में अक्सर डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायतें मिलती रहती हैं, जिससे गरीब मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए सरकार ने कामचोर कर्मचारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई करने की नीति अपनाई है। पहले भी जनशिकायतों के निपटारे में देरी करने वाले अधिकारियों पर निलंबन की गाज गिर चुकी है, और अब सीधे बर्खास्तगी का चाबुक चलाकर मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अनुशासन की नई मिसाल पेश की है।
नोटिस और अखबार में विज्ञापन के बाद भी नहीं लौटे थे काम पर
स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी डॉक्टरों को बर्खास्त करने से पहले नियम के तहत पूरा मौका दिया था। जब संबंधित जिलों के सिविल सर्जन से इनके गायब रहने की रिपोर्ट मिली, तो विभाग ने जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। जब डॉक्टरों ने विभाग की चिट्ठी का कोई जवाब नहीं दिया, तो 9 दिसंबर 2025 को अखबारों में सार्वजनिक सूचना भी छपवाई गई ताकि वे आकर अपना पक्ष रख सकें। इसके बावजूद इनमें से कोई भी ड्यूटी पर नहीं लौटा। आखिरकार बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहमति के बाद कैबिनेट ने इन सभी 11 डॉक्टरों को सेवा से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
इन 11 डॉक्टरों की गई सरकारी नौकरी
सरकार ने जिन डॉक्टरों को बर्खास्त किया है, उनमें भागलपुर के चार, सुपौल के तीन, सहरसा के दो और बांका व मधेपुरा के एक-एक डॉक्टर शामिल हैं…
डॉ. अनामिका कुमारी : सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, सहरसा (16.09.2020 से अनुपस्थित)
डॉ. राकेश कुमार निराला : विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (ईएनटी), सदर अस्पताल, भागलपुर (12.11.2020 से अनुपस्थित)
डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित : सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल (15.09.2020 से अनुपस्थित)
डॉ. गोपीनाथ भगत : चिकित्सा पदाधिकारी (स्त्री रोग), सदर अस्पताल, भागलपुर (20.11.2021 से अनुपस्थित)
डॉ. अमित कुमार : सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ममलखा, सबौर, भागलपुर (01.10.2021 से अनुपस्थित)
डॉ. रवि रंजन : चिकित्सा पदाधिकारी (दंत), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मरौना, सुपौल (27.09.2019 से अनुपस्थित)
डॉ. मो. शाहनवाज कौसर : चिकित्सा पदाधिकारी (शिशु रोग), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल (19.12.2021 से अनुपस्थित)
डॉ. सुमित कुमार : सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सजौर, शाहकुंड, भागलपुर (25.11.2021 से अनुपस्थित)
डॉ. प्रसून विवाकर : सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोलहट्टी, बौंसी, बांका (05.02.2018 से अनुपस्थित)
डॉ. रेखा कुमारी : चिकित्सा पदाधिकारी (मूर्च्छक/एनेस्थीसिया), सदर अस्पताल, मधेपुरा (26.11.2021 से अनुपस्थित)
डॉ. अरुण कुमार : चिकित्सा पदाधिकारी (दंत), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहट्टा, सहरसा (अप्रैल 2021 से अनुपस्थित)
बाकी लापरवाह कर्मियों के लिए सीधी चेतावनी
सीएम सम्राट चौधरी की इस कार्रवाई को राज्य के सभी सरकारी विभागों के लिए एक खुली चेतावनी माना जा रहा है। सरकार का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि सरकारी खजाने से वेतन लेने वाले हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी। जो लोग घर बैठकर या निजी कामों में व्यस्त रहकर सरकारी पद पर बने रहना चाहते हैं, उनके लिए अब बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था में कोई जगह नहीं है। इस फैसले से आम जनता में यह भरोसा मजबूत हुआ है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
इसे भी पढ़ें : सम्राट कैबिनेट में 34 प्रस्ताव पास : विकास को रफ्तार, लापरवाहों पर प्रहार




