अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने अब नदियों की तलहटी में जमी गाद यानी सिल्ट हटाने का बड़ा प्लान तैयार किया है। जल संसाधन विभाग नदियों में व्यवस्थित तरीके से ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल कराने जा रहा है। इसी तैयारी को लेकर बुधवार को राजधानी पटना के सिंचाई भवन स्थित सभागार में एक अहम बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डिप्टी सीएम सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। बैठक में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविन्द कुमार और देश की 12 प्रमुख ड्रेजर व बार्ज निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इन कंपनियों ने नदी से गाद निकालने और बार्ज के जरिए उसकी ढुलाई करने की आधुनिक तकनीकों पर अपना प्रेजेंटेशन दिया।
गाद जमा होने से नदियों का बदल रहा है रुख
बैठक के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों के तल में गाद जमने और बालू के बड़े टीले बन जाने से पानी के बहने की दिशा और रफ्तार दोनों प्रभावित हो रही हैं। इसका सीधा असर तटबंधों और नदी किनारों पर पड़ रहा है, जिससे कटाव का खतरा काफी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि गाद कहीं बड़ी समस्या है तो कहीं यह उपयोगी भी साबित हो सकती है। इसी चुनौती को देखते हुए राज्य सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति 2026 तैयार की है। डिप्टी सीएम ने साफ किया कि नदी के किस हिस्से से और कितनी मात्रा में गाद निकालनी है, इसका फैसला विभाग तकनीकी अध्ययन के बाद ही करेगा। उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों से इस काम के लिए व्यावहारिक समाधान देने को कहा और विभाग की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

बाढ़ से पहले विशेषज्ञ एजेंसियों को किया जाएगा सूचीबद्ध
जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बैठक की शुरुआत में इस पूरी योजना की रूपरेखा रखी। उन्होंने बताया कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में ड्रेजिंग और गाद हटाने के काम को प्रमुखता से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पहले सर्वे और तकनीकी जांच कर उन जगहों की पहचान की जाएगी, जहां नदी की धारा को सुगम बनाने के लिए गाद निकालना जरूरी है। निकाली गई मिट्टी और गाद को सुरक्षित तरीके से तय जगहों तक पहुंचाने और उसके वैज्ञानिक निपटारे का भी इंतजाम किया जाएगा। इस काम में बार्ज की भूमिका बेहद अहम होगी, क्योंकि इसके जरिए न सिर्फ गाद की ढुलाई आसान होगी बल्कि नदी के रास्ते निर्माण सामग्री और भारी मशीनें भी कार्यस्थलों तक पहुंचाई जा सकेंगी।
आपात स्थिति में तुरंत काम शुरू करने की होगी तैयारी
सचिव ने बताया कि इस बैठक का मुख्य मकसद बाढ़ प्रबंधन और ड्रेजिंग के काम में माहिर एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना है। इससे बाढ़ का मौसम शुरू होने से पहले और बाढ़ के दौरान जरूरत पड़ने पर इन कंपनियों की सेवाएं तुरंत ली जा सकेंगी। एजेंसियों के चयन में इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि उनके पास पर्याप्त मशीनें और उपकरण मौजूद हों, वे उनका सही रखरखाव कर सकें और किसी भी आपात स्थिति में तेजी से काम पूरा करने की क्षमता रखते हों। इस महत्वपूर्ण बैठक में विभाग के तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, परामर्शी आई.सी. ठाकुर और अभियंता प्रमुख वरुण कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : इन 4 नक्सल मुक्त जिलों में तेज होगी विकास की रफ्तार, खुलेंगे सर्विस सेंटर : संयुक्त सचिव




