अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ही सुबह और रात की ठंड ने अपनी दस्तक तेज कर दी है। हालांकि दोपहर के समय अच्छी धूप निकलने से लोगों को कनकनी से काफी राहत मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले सात दिनों तक पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और किसी भी जिले में बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अगले दो दिनों तक सुबह छाएगा हल्का से मध्यम कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। सुबह की हल्की धुंध के बाद दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और तेज धूप खिलेगी। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव के आसार नहीं हैं। क्षेत्रीय स्तर पर देखें तो उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में रात का पारा 16 से 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
पटना में 13 से 26 डिग्री के बीच रहेगा तापमान, अरवल सबसे ठंडा
राजधानी पटना में आज मौसम साफ रहने की संभावना है और सुबह की हल्की धुंध के बाद दिन में अच्छी धूप निकलेगी। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा, वहीं 2 दिसंबर तक पटना का न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बीते चौबीस घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 11.2 से 16.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इस दौरान 11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अरवल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि 31.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ भभुआ सबसे गर्म दर्ज किया गया।
दो मौसमी सिस्टम सक्रिय, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम को प्रभावित करने वाले दो अलग-अलग सिस्टम इस समय सक्रिय हैं, लेकिन बिहार के मौसम पर इनका कोई खास असर नहीं पड़ेगा। वर्तमान में दक्षिण बंगाल की खाड़ी और इसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से करीब डेढ़ किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मध्य स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मौजूद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन दोनों मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के बावजूद बिहार में बारिश की कोई संभावना नहीं है और राज्य का मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
इसे भी पढ़ें : सम्राट सरकार ने 899 रेवेन्यू कोर्ट को किया वर्चुअल, लोगों को मिलेगा ‘सुलभ न्याय’







