अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के गांव, गरीब और किसानों को सस्ता और जल्द न्याय दिलाने के लिए सीएम सम्राट चौधरी की सरकार ने दो बड़े फैसले लिए हैं। राज्य के 899 रेवेन्यू कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई शुरू करने के बाद अब पहली पेपरलेस ई-कैबिनेट बैठक में ग्राम कचहरियों का सालाना बजट 6 गुना बढ़ाने पर मुहर लगाई गई है। इन दोनों कदमों से ग्रामीणों को छोटे-मोटे विवादों और जमीन से जुड़े मामलों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बड़ी राहत मिलेगी।
घर बैठे हो सकेगी जमीन के मामलों की ऑनलाइन सुनवाई
रेवेन्यू कोर्ट प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। अब आम लोगों और किसानों को जमीन और राजस्व से जुड़े मुकदमों की तारीख पर अंचल या अनुमंडल कार्यालय जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। पक्षकार अपने घर से ही डिजिटल माध्यम से सुनवाई में जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही वे अपने सबूत और जरूरी कागजात भी ऑनलाइन अपलोड कर पाएंगे और अपने केस का ताजा स्टेटस खुद देख सकेंगे। इससे गरीब और वंचित वर्ग के लोगों का समय और आने-जाने का खर्च दोनों बचेगा।
सुनवाई की होगी रिकॉर्डिंग, एसएमएस से मिलेगी तारीख की सूचना
इस नई व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और उसका लिखित ब्योरा यानी ट्रांसक्रिप्शन सुरक्षित रखा जाएगा। अदालती आदेशों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए सरकार एक अलग सेल भी बनाने जा रही है। इसके अलावा, आम लोगों को अगली सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी एसएमएस और कॉल सेंटर के जरिए दी जाएगी। समय पर सूचना मिलने और ऑनलाइन प्रक्रिया होने से मुकदमों का निपटारा तेजी से होगा और अदालतों पर लंबित केसों का बोझ भी कम होगा।
ई-कैबिनेट का फैसला : ग्राम कचहरियों को अब सालाना मिलेंगे 24 हजार रुपये
सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य की पहली पेपरलेस ई-कैबिनेट बैठक में कुल 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें ग्राम कचहरियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का फैसला सबसे अहम है। सरकार ने ग्राम कचहरियों के सालाना प्रशासनिक खर्च को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे 24 हजार रुपये कर दिया है। बजट और संसाधन बढ़ने से अब ग्राम कचहरियां ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकेंगी और गांव के छोटे विवाद स्थानीय स्तर पर ही आपसी सहमति से सुलझा लिए जाएंगे। सरकार की इस दोहरी रणनीति से ग्रामीण इलाकों में मुकदमेबाजी का तनाव कम होगा और लोगों को गांव में ही सुलभ न्याय मिल सकेगा।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बड़ा ऐलान- 2030 तक बिहार में रोज होगा 1 करोड़ लीटर दूध उत्पादन







