अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : किसी भी राजनीतिक दल की असली रीढ़ उसका युवा वर्ग होता है और जब युवा एकजुट होकर मैदान में उतरते हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी आसान हो जाती है। यह बातें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश युवा अध्यक्ष शैलेन्द्र द्विवेदी ने कहीं। वे शुक्रवार को राजधानी के हरमू गंगा नगर रोड नंबर 7 स्थित स्वास्तिक मैरेज हॉल में आयोजित भव्य युवा मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए बांटी गईं जिम्मेदारियां
समारोह के दौरान प्रदेश युवा अध्यक्ष ने आगामी स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की ताकत दिखाने का अवसर है। बैठक में इस आयोजन की रूपरेखा तय की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गईं। मौके पर मौजूद सभी युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

राजधानी में युवा संगठन को नई धार देने की तैयारी
कार्यक्रम की शुरुआत में महानगर युवा अध्यक्ष विष्णु कुमार ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रांची महानगर में युवा टीम को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और आने वाले दिनों में संगठन का विस्तार हर वार्ड स्तर पर दिखेगा। समारोह के अंत में रांची जिला युवा अध्यक्ष राज किशोर रवि ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष युवा अरविंद सिंह, राजेश सोनी, शिवम राउत, अंकित पाठक, जितेंद्र कुमार, राकेश सिंह, सूरज राउत, निहाल वर्मा, शक्ति पाठक, अंशुमान पाठक, राजमणि देवी, कुश सिंह, ममता कुमारी, प्रिंस यादव और बिट्टू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, अब लड़कर लेंगे अपना हक : सीएम हेमंत







