अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि 30 लाख नौकरियां देने का वादा करने वाले अखिलेश यादव पहले यह बताएं कि सपा की चार बार की सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली थी। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं, सैफई सिंडिकेट उसकी गिनती भी नहीं कर पाएगा, क्योंकि उन्हें तो सिर्फ नोट गिनना आता है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर गिनती आती हो तो गिन लें, हमारी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र दे चुकी है। सीएम ने कहा कि यूपी की जनता आपका अतीत जानती है, और जब पास्ट अच्छा नहीं रहा है तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता।

सपा-बसपा के सात कार्यकालों से दोगुनी नौकरियां और भर्ती में पारदर्शिता का दावा
सीएम योगी ने पिछली सरकारों के कामकाज की तुलना करते हुए कहा कि सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकालों में जितनी कुल नौकरियां दी गईं, उससे दोगुने से ज्यादा नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ साल में बांटे हैं। उन्होंने कहा कि आज भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, न किसी से पैसा मांगा जाता है और न ही किसी को धमकाया जाता है। उन्होंने 2017 से पहले के दौर पर निशाना साधते हुए कहा कि तब नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति किसी और को मिलती थी। सीएम ने 2015-16 की पीसीएस भर्ती का उदाहरण देते हुए कहा कि हाईस्कूल, इंटर और ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन पास होने वाले को पीसीएस में टॉप करवाकर एसडीएम बना दिया गया था। यह मेहनती युवाओं के साथ सीधा अन्याय था। सीएम ने ऐलान किया कि यह तो अभी शुरुआत है, अगले हफ्ते करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें 8 हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग के जरिए चुने गए करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी जल्द नियुक्ति पत्र मिलेंगे।

पुरानी पेंशन योजना (OPS), गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी घोटाले पर घेरा
सीएम योगी ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की मांग उठाने पर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पूछा कि ओपीएस की बात करने वाले पहले यह बताएं कि न्यू पेंशन स्कीम (NPS) किसने लागू की थी। सीएम ने आरोप लगाया कि 2005 से 2017 तक कर्मचारियों के न तो एनपीएस खाते खोले गए और न ही सरकार ने अपना हिस्सा जमा किया। 2017 में सत्ता संभालने के बाद उनकी सरकार ने अपना अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और बजट से करीब 10 हजार करोड़ रुपये देकर कर्मचारियों के खातों में पैसा पहुंचाया। इसके अलावा उन्होंने सपा सरकार के समय हुए निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, फिर भी काम अधूरा रहा। इसी तरह 200 करोड़ की डीपीआर वाले जेपीएनआईसी प्रोजेक्ट पर 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। सीएम ने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को हिदायत दी कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी गलत काम का दबाव बनाए, तो वे उसका हिस्सा न बनें।
यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी, कट्टा-बम की जगह बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
प्रदेश के आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि साढ़े नौ साल में यूपी की अर्थव्यवस्था साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है और प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना बढ़ी है। प्रदेश का वार्षिक बजट अब 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले यूपी का युवा कट्टा और बम बनाता था, लेकिन आज वही युवा ब्रह्मोस मिसाइल और कलाश्निकोव-203 जैसी आधुनिक राइफल बना रहा है। सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालयों में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे नए कोर्स शुरू किए हैं। कार्यक्रम में सीएम ने लखीमपुर खीरी के थारू जनजाति के युवक, बलिया और रायबरेली की यादव समाज की बेटियों समेत झांसी, मैनपुरी, संत कबीर नगर, मुरादाबाद, अंबेडकर नगर, अयोध्या, गोरखपुर, चंदौली, आजमगढ़, जौनपुर, कानपुर नगर, शाहजहांपुर, सहारनपुर, प्रयागराज और लखनऊ के नवचयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र दिए। इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस. जी और संदीप कौर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : यूपी में फिर खिलेगा कमल! योगी बोले- 2027 में भाजपा की प्रचंड जीत तय







