अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कलिकापुर देवपुर में इंडियन पेट्रोल पंप के पास बाईपास सड़क पर एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहबाजपुर निवासी रजीबुल शेख के बेटे अकील शेख के रूप में हुई है। हादसे के समय अकील अपनी बाइक पर दो दोस्तों को बैठाकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक (जेएच 04 यू/4925) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने अकील शेख को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे उसके दोनों दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
युवक की मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर बाईपास सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान मौके पर कवरेज करने पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ भी उग्र ग्रामीणों ने दुर्व्यवहार किया।
तेज रफ्तार पर लगाम और ब्रेकर बनाने की उठी मांग
जाम लगा रहे ग्रामीणों का कहना था कि इस बाईपास सड़क पर ट्रक और भारी वाहन बेहद तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी जगह पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस जगह पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाया जाए और तेज रफ्तार ट्रकों पर लगाम लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए।
हंगामे की सूचना पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे के ठोस आश्वासन तक जाम हटाने को तैयार नहीं थे। बाद में थाना प्रभारी की पहल पर ट्रक मालिक, मृतक के परिजन और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के बीच थाने में बैठकर मुआवजे पर बातचीत करने की सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
इसे भी पढ़ें : खजाना भरने के लिए RMC ने कसी कमर, मेयर की चेतावनी पर रडार में बड़े बकायेदार







