अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन और राज्य के आदिवासी आंदोलनों पर लिखी गई दो किताबें शुक्रवार शाम उन्हें भेंट की गईं। पत्रकार और लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने सीएम से मुलाकात कर उन्हें हिंदी और अंग्रेजी की इन दोनों पुस्तकों की एक-एक प्रति सौंपी। ‘और एक प्रयास’ की ओर से प्रकाशित हिंदी किताब ‘हूल से हेमंत तक: आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ 470 पन्नों की है। वहीं, अंग्रेजी किताब ‘द इनविजिबल कूप: हेमंत सोरेन, झारखंड एंड द पॉलिटिक्स ऑफ पावर’ के 605 पन्नों में कुल 48 अध्याय शामिल हैं।

संताल हूल से लेकर मौजूदा राजनीतिक यात्रा तक का सफर
हिंदी पुस्तक में 1855 के संताल हूल, बिरसा मुंडा के उलगुलान और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आंदोलनों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा को विस्तार से पिरोया गया है। किताब के ‘प्रतिरोध की कीमत’ अध्याय में लेखक ने दुनिया भर के मूलनिवासी आंदोलनों के संदर्भ में झारखंड के जमीनी अनुभवों को सामने रखा है। इसमें जल, जंगल, जमीन, पहचान और राजनीतिक हिस्सेदारी की आवाज उठाने वाले नेताओं की गिरफ्तारियों और उनकी लंबी कानूनी लड़ाइयों का ब्योरा दर्ज है। इसके अलावा ‘मीडिया में हाशिये पर आदिवासी’ शीर्षक वाले अध्याय में इस बात पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं कि मुख्यधारा की खबरों में आदिवासी समाज और उनके बुनियादी मुद्दों को कितनी जगह मिल पाती है।

हिरासत, रिहाई और सत्ता में वापसी की पूरी कहानी
अंग्रेजी पुस्तक में 31 जनवरी 2024 को सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे और गिरफ्तारी से लेकर 149 दिनों की हिरासत, 28 जून को हुई रिहाई और जुलाई में फिर से सीएम की कुर्सी संभालने तक के पूरे घटनाक्रम को सिलसिलेवार ढंग से दर्ज किया गया है। यह राजनीतिक सफर नवंबर के विधानसभा चुनाव में मिले नए जनादेश तक जाता है। गिरफ्तारी से ठीक पहले और रिहाई के बाद लिए गए खास साक्षात्कारों के जरिए किताब उस कठिन दौर पर हेमंत सोरेन का पक्ष पाठकों के सामने रखती है। किताब का एक अहम हिस्सा सत्ता परिवर्तन के उस दौर में राजभवन, निर्वाचित सरकार और संवैधानिक प्रक्रिया की भूमिका की भी बारीकी से पड़ताल करता है।

राजनीतिक संकट में कल्पना सोरेन की भूमिका और पारिवारिक पहलू
किताब में सियासी उठापटक के साथ-साथ सीएम के निजी और पारिवारिक पहलुओं को भी संवेदनशीलता से उकेरा गया है। अंग्रेजी पुस्तक का विशेष फोटो अध्याय ‘व्हेन द चीफ मिनिस्टर वाज जस्ट ए सन’ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद हेमंत सोरेन के गहरे शोक और एक बेटे के रूप में निभाई गई उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियों पर केंद्रित है। इसके साथ ही, जब हेमंत सोरेन हिरासत में थे और राज्य राजनीतिक संकट से गुजर रहा था, उस दौर में कल्पना सोरेन के सार्वजनिक जीवन में आने और उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका को भी पुस्तक में प्रमुखता से जगह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, अब लड़कर लेंगे अपना हक : सीएम हेमंत







