अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची से सटे चान्हो थाना क्षेत्र के देशवाली गांव में रविवार सुबह मामूली कहासुनी ने एक महिला की जान ले ली। गांव के ही एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर 45 वर्षीय सुनीता उरांव पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची चान्हो थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पड़ोसी पिंजरा उरांव (50) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है।
आंगन में लकड़ी काटने के दौरान शुरू हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह आरोपित पिंजरा उरांव अपने घर के आंगन में जलावन की लकड़ी काट रहा था। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली सुनीता उरांव वहां पहुंचीं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिंजरा उरांव ने हाथ में पकड़ी लकड़ी काटने वाली टांगी से सुनीता के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने और काफी खून बह जाने के कारण सुनीता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सब्जी बेचकर छह बच्चों का पेट पालती थी मृतका
घटना की खबर फैलते ही देशवाली गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के परिजनों ने बताया कि सुनीता उरांव बीजुपाड़ा चौक पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का खर्च चलाती थीं। उनके छह बच्चे हैं, जिनकी पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वारदात के वक्त सुनीता के पति चूंदा उरांव मजदूरी करने के लिए सिकंदराबाद गए हुए थे। घर की मुखिया की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के सामने अब इन छह बच्चों की परवरिश और भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही चान्हो पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही चान्हो थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। चान्हो थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपित पिंजरा उरांव को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों के बीच अचानक हुए विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या दोनों परिवारों के बीच पहले से कोई पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण और परिसीमन बिल बनेगा विकसित भारत 2047 की नींव, सांसद करें समर्थन : गीता कोड़ा








