अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
बेगूसराय। बेगूसराय के भगवानपुर गांव में शराबियों की तलाश में पहुंची उत्पाद विभाग की पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थर, बांस-बल्ली से हमला कर दिया। अपने बचाव में पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए अपनी जान बचाकर दो लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े 9 बजे उत्पाद विभाग की टीम एक तारीखाना में छापा मारने पहुंची थी। तभी भगवानपुर गांव निवासी गोविंद कुमार चौधरी व अनिरुद्ध कुमार को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों को पकड़े जाने पर लोगों ने पुलिस का विरोध शुरू कर बांस-बल्ली से हमला करते हुए पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीण पुलिस टीम को खदेड़ने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस अधिकारी ने हवाई फायरिंग की और दोनों पकड़े गए व्यक्ति को साथ ले गई।
गोलीबारी होते ही उस जगह भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब आठ चक्र गोली चलाते हुए किसी तरह भाग कर जान बचाई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना के एएस आई विनीत कुमार झा पहुंचकर घटना की जांच की एवं घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस एवं दो खोखा बरामद किया।

