अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देशभर में कोरोना वायरस (COVID-19) के मामलों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। शनिवार को ठाणे और बंगलूरू में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। ठाणे में 21 वर्षीय युवक और बंगलूरू में 84 वर्षीय बुजुर्ग ने कोरोना से जंग हार गई। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी नए मामले दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने की बैठक
बढ़ते मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने शनिवार शाम को समीक्षा बैठक बुलाई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 के अधिकांश नए मामले केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे राज्यों में सामने आ रहे हैं। हालांकि, अधिकांश मरीजों के लक्षण हल्के हैं और उनका इलाज घर पर ही चल रहा है। मंत्रालय ने कोविड मामलों की लगातार निगरानी करने और स्थिति पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।
ठाणे में कोरोना से हुई युवकों की मौत
ठाणे में एक 21 वर्षीय युवक की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। युवक गंभीर मधुमेह से ग्रसित था। उसे गुरुवार को मधुमेह संबंधित परेशानियों के चलते टीएमसी के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उसकी कोविड-19 जांच पॉजिटिव आई। फिलहाल ठाणे में 18 सक्रिय कोरोना मरीज हैं, जिनमें से अधिकांश घर पर आइसोलेशन में हैं।
दिल्ली में 23 नए मामले
दिल्ली में अब तक 23 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। अस्पतालों से कहा गया है कि वे बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सुविधा प्रदान की जा सके।
नया वैरिएंट और मरीजों की स्थिति
कोविड मामलों में बढ़ोतरी मुख्य रूप से ओमिक्रॉन JN.1 वैरिएंट के कारण हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वैरिएंट काफी संक्रामक है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे चिंताजनक वैरिएंट घोषित नहीं किया है। संक्रमित मरीजों में सामान्यतः हल्के लक्षण देखने को मिल रहे हैं, जिनमें बुखार, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द, थकान आदि शामिल हैं। अधिकांश मरीज चार दिनों के भीतर स्वस्थ हो जाते हैं।
इसे भी पढ़ें : नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए CM हेमंत सोरेन, दिए कई अहम सुझाव



