अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दुनिया भर में बढ़ते युद्ध के खतरे और तनाव के बीच भारत ने अपनी आर्थिक सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और बेहद गोपनीय फैसला लिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने चुपचाप विदेशों में जमा देश का 60 टन से ज्यादा सोना वापस भारत की तिजोरियों में मंगा लिया है। यह सोना ब्रिटेन के बैंक ऑफ इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड के बैंकों में रखा हुआ था। इस बड़ी वापसी के बाद अब भारत के कुल स्वर्ण भंडार का करीब 84 प्रतिशत हिस्सा यानी लगभग 740 टन सोना देश के अंदर ही सुरक्षित है। पहले भारत के सोने का एक बड़ा हिस्सा सुरक्षा और व्यापारिक कारणों से यूरोप के इन बैंकों में रखा जाता था, लेकिन अब वहां बहुत कम मात्रा ही बची है। बिना किसी शोर शराबे के की गई इस कार्रवाई को देश की संपत्ति सुरक्षित रखने की एक बड़ी रणनीति माना जा रहा है।
रूस यूक्रेन युद्ध से सबक लेकर भारत ने उठाया यह बड़ा कदम
भारत सरकार और आरबीआई के इस फैसले के पीछे साल 2022 में शुरू हुए रूस यूक्रेन युद्ध का बड़ा अनुभव काम कर रहा है। उस समय युद्ध शुरू होते ही अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ और स्विट्जरलैंड जैसे पश्चिमी देशों ने मिलकर रूस के केंद्रीय बैंक की करीब 300 अरब डॉलर की विदेशी संपत्ति को सीज कर दिया था। हालांकि रूस ने युद्ध छिड़ने से काफी पहले ही समझदारी दिखाते हुए अपना ज्यादातर सोना विदेशी बैंकों से निकालकर अपने देश की तिजोरियों में रख लिया था। इसी घरेलू सोने की ताकत पर रूस ने कड़े पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद अपनी अर्थव्यवस्था को डूबने से बचाया और युद्ध का खर्च भी उठाया। रूस ने लंदन और न्यूयॉर्क जैसे पुराने बाजारों को छोड़कर एशिया और मध्य पूर्व के देशों में सोना बेचकर अरबों डॉलर कमाए। भारत ने भी उसी खतरे को भांपते हुए समय रहते अपना सोना घर वापस बुला लिया है ताकि भविष्य में किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव या प्रतिबंध का असर देश की संपत्ति पर न पड़े।
ब्रिटेन में युद्ध की आहट के बीच सुरक्षित हुआ देश का खजाना
सोने की यह घर वापसी ऐसे समय में हुई है जब यूरोप में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं और ब्रिटेन ने संभावित युद्ध की तैयारी के लिए अपने एक लाख रिजर्व सैनिकों को अलर्ट पर बुलाया है। शीत युद्ध खत्म होने के बाद यह पहली बार है जब ब्रिटेन ने अपने रिजर्व सैनिकों को इस तरह की चेतावनी जारी की है, जिसे रूस के खिलाफ किसी बड़े सैन्य कदम से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि अगर भारत ने समय रहते बैंक ऑफ इंग्लैंड से अपना सोना नहीं निकाला होता और ब्रिटेन व रूस के बीच सीधा टकराव शुरू हो जाता, तो भारत का यह कीमती खजाना वहां फंस सकता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले ने किसी भी संभावित संकट से पहले ही देश की आर्थिक संप्रभुता को मजबूत कर दिया है।
आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर
विदेशों से सोना वापस लाने का यह अभियान पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, लेकिन इसके दूरगामी परिणाम देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम हैं। बदलते वैश्विक समीकरणों के बीच अब कोई भी देश अपनी संपत्ति को दूसरों के भरोसे नहीं छोड़ना चाहता। भारत का यह कदम साफ संदेश देता है कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सरकार हर मोर्चे पर सतर्क है। देश की तिजोरियों में सोने का भंडार बढ़ने से न केवल रुपये को मजबूती मिलेगी, बल्कि किसी भी वैश्विक आर्थिक संकट या युद्ध की स्थिति में भारत पूरी तरह आत्मनिर्भर और सुरक्षित रहेगा।
इसे भी पढ़ें : बांग्लादेश सरकार की दो टूक- शेख हसीना के लिए देश में कोई जगह नहीं








