अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की जीवनरेखा कही जाने वाली स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त करने और चुटिया स्थित ऐतिहासिक इक्कीसो महादेव मंदिर के संरक्षण के उद्देश्य से 27 जुलाई को 21 किलोमीटर लंबी कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा का आयोजन स्वर्णरेखा उत्थान समिति द्वारा किया जा रहा है। कांवर यात्रा की शुरुआत सुबह 6 बजे सुरेश्वर महादेव मंदिर से होगी, जहां से श्रद्धालु और कांवर यात्री बसों के माध्यम से स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल नगड़ी स्थित रानीचुआं पहुंचेंगे। वहां से सभी यात्री स्वर्णरेखा नदी से जल भरकर चुटिया स्थित इक्कीसों महादेव मंदिर की ओर पैदल प्रस्थान करेंगे।
यह यात्रा स्वर्णरेखा और हरमू नदी के संगम स्थल तक जाएगी, जहां नागवंशी कालीन चट्टानों पर उत्कीर्ण 21 प्राचीन शिवलिंगों पर जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा मार्ग में हर 5 किलोमीटर पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा विश्राम और स्वागत की व्यवस्था की गई है। प्रमुख पड़ावों में स्वर्णरेखा बैंक्वेट हॉल नगड़ी, कटहल मोड़, महादेव मंदिर अरगोड़ा चौक और रेडिशन ब्लू होटल (सुजाता चौक) शामिल हैं।
कांवर यात्रा का समापन चुटिया के इक्कीसों महादेव मंदिर में जलाभिषेक, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ होगा। यह कांवर यात्रा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की जा रही है।
स्वर्णरेखा उत्थान समिति का उद्देश्य है कि आम जनता और सरकार का ध्यान इस पवित्र नदी की सफाई और ऐतिहासिक मंदिर की सुरक्षा की ओर जाए। समिति ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में इस यात्रा में भाग लें और इस सांस्कृतिक धरोहर को बचाने में सहयोग करें।
इसे भी पढ़ें : राजनीति में सीधे होनी चाहिए लड़ाई, परिवार को निशाना बनाना ठीक नहीं : बाबूलाल



