अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी गुरुवार को राजधानी के IGIMS पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली। इसके साथ ही सीएम ने बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव और चनपटिया से विधायक अभिषेक रंजन के नवजात पुत्र का भी हालचाल जाना। सीएम ने दोनों वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल परिसर में सीएम ने भर्ती मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम से भी लंबी चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट के बारे में पूछा और इलाज के मौजूदा प्रबंधों की पूरी जानकारी ली। बातचीत के दौरान सीएम ने अस्पताल प्रबंधन को साफ निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए और सभी मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस मौके पर IGIMS के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. मनीष कुमार मंडल समेत अस्पताल के कई वरिष्ठ डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। चिकित्सकों ने सीएम को बताया कि सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। सीएम के इस दौरे के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में 141 करोड़ का मेगा लेदर क्लस्टर शुरू, सीएम बोले- 2030 से पहले रोकेंगे पलायन


