अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : आधुनिक बिहार के निर्माताओं में गिने जाने वाले डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर मंगलवार को राजधानी पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। राधिका सिन्हा इंस्टीट्यूट और सच्चिदानंद सिन्हा लाइब्रेरी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के प्रमुख नेताओं से लेकर कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा। समारोह में पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी ने डॉ. सिन्हा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

कई वरिष्ठ नेता और मंत्री रहे मौजूद
समारोह के दौरान राज्य सरकार के कई दिग्गज चेहरे भी मंच के इर्द-गिर्द नजर आए। डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी ने भी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर डॉ. सिन्हा को नमन किया। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, विधायक श्याम रजक और पूर्व विधान पार्षद हरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर आधुनिक बिहार के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान की चर्चा की।

देशभक्ति और बिहार गीतों से बना माहौल
माल्यार्पण और श्रद्धांजलि सभा के बाद परिसर का माहौल पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग गया। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने पारंपरिक आरती-पूजन के साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों ने जब बिहार गीत और देशभक्ति से भरे तरानों को सुर दिया, तो वहां मौजूद तमाम लोग तालियां बजाते दिखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : पटना नगर निगम का 200 Cr का म्यूनिसिपल बॉन्ड NSE में लिस्ट, CM सम्राट ने बजाई घंटी


