अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : योग गुरु बाबा रामदेव रविवार को सीएम हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री की मां स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने हेमंत सोरेन को एक ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि वे बड़े पुरुषार्थ और अदम्य साहस के साथ अपने पुरखों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। वे आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे समाज को एक साथ लेकर चलने का काम कर रहे हैं।
मां रूपी सोरेन शक्ति स्वरूपा थीं, पूरे झारखंड को माना अपना परिवार
बाबा रामदेव ने कहा कि पूज्य माता रूपी सोरेन का जाना पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। वे साक्षात शक्ति स्वरूपा थीं और उन्होंने पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधकर रखा। हेमंत सोरेन के लिए उनकी मां एक देवी की तरह थीं, जिनका साया और आशीर्वाद जीवन में सबसे बड़ा संबल होता है। उन्होंने कहा कि पहले गुरुजी शिबू सोरेन और अब माता रूपी सोरेन का चले जाना परिवार के लिए बहुत बड़ा आघात है। रूपी सोरेन ने कभी सिर्फ अपने घर को नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपना परिवार माना और सभी को स्नेह दिया। बाबा रामदेव ने कहा कि वे मुख्यमंत्री को इस दुख की घड़ी में सांत्वना और संबल देने यहां पहुंचे हैं, जिससे उनके मन को भी आत्मिक संतुष्टि मिली है।
सोरेन परिवार से 25 साल पुराना नाता, शिबू सोरेन को बताया सदी का महानायक
सोरेन परिवार के साथ अपने रिश्तों का जिक्र करते हुए बाबा रामदेव ने बताया कि उनका इस परिवार से करीब ढाई दशक पुराना आत्मीय संबंध है। स्वर्गीय शिबू सोरेन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुजी इस सदी के महानायक थे। वे बेहद सादगी पसंद, धरती पुत्र और ऋषि जैसे महान व्यक्तित्व के धनी थे। उनके आचार-विचार और जीवनशैली में भारतीय परंपरा की गहरी छाप दिखती थी। शिबू सोरेन का योगदान केवल आदिवासी समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि वे देश की मूल आत्मा, संस्कृति और प्रकृति के सच्चे संरक्षक थे। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके किए गए कार्यों की पहचान आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी है।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ विकास को दे रहे नई गति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काम की तारीफ करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि वे सामाजिक, आर्थिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक हर मोर्चे पर जनता के भले के लिए प्रयासरत हैं। राज्य के जल, जंगल और जमीन की हिफाजत करते हुए वे झारखंड को शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव संसाधन के क्षेत्र में आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि अपनी परंपराओं और संस्कृति को बचाते हुए आधुनिक विकास की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाना ही हेमंत सोरेन को एक मजबूत और लेजेंडरी नेता के रूप में स्थापित करता है।
इसे भी पढ़ें : मां के दशकर्म पर भावुक हुए CM, आगंतुकों की सुविधा के लिए खुद संभाला मोर्चा


