अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की स्वर्गीय मां रूपी सोरेन के दशकर्म संस्कार से जुड़े सभी पारंपरिक और धार्मिक अनुष्ठान उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे विधि-विधान से संपन्न हुए। अपनी मां को याद कर सीएम भावुक नजर आए। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों और गांव के बुजुर्गों के साथ मिलकर स्थानीय संथाली रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं के अनुसार हर रस्म को पूरा किया। इस दौरान गांव के लोग और दूर-दराज से आए रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को ढांढस बंधाया।

पैतृक आवास पर जुटा शुभचिंतकों का तांता
माता के निधन के बाद से ही नेमरा स्थित सीएम के पैतृक आवास पर सांत्वना देने वालों का आना लगातार जारी है। राज्य के अलग-अलग जिलों से रिश्तेदार, ग्रामीण और शुभचिंतक सुबह से ही गांव पहुंच रहे हैं। लोग मुख्यमंत्री और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना जता रहे हैं। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन है, लेकिन इस दुख की घड़ी में पूरा गांव सोरेन परिवार के साथ खड़ा दिख रहा है। आने वाले सभी लोग मां रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

खुद व्यवस्था देख रहे सीएम, संस्कार भोज की तैयारी पूरी
दशकर्म के बाद अब संस्कार भोज की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद खड़े होकर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। उनका पूरा जोर इस बात पर है कि बाहर से आने वाले किसी भी ग्रामीण, रिश्तेदार या आगंतुक को किसी तरह की परेशानी न हो। आयोजन स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल, लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, रोशनी और साफ-सफाई के कड़े प्रबंध किए गए हैं। खाने-पीने के काउंटर से लेकर अतिथियों के रुकने तक के इंतजाम को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

सुरक्षा और पार्किंग के लिए प्रशासन ने कसी कमर
आयोजन में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने भी पुख्ता तैयारी की है। नेमरा गांव और आसपास के मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि जाम की स्थिति न बने। प्रशासनिक अधिकारी लगातार आयोजन स्थल का जायजा ले रहे हैं, जिससे पूरा कार्यक्रम पूरी शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने रीति-रिवाज से पूरी कीं मां के दशकर्म की रस्में, शामिल हुआ पूरा गांव


