अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार को अब AI और नई तकनीक के क्षेत्र में देश का सबसे आगे रहने वाला राज्य बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिहार में AI कंपनियों, नए स्टार्टअप्स और डिजिटल उद्यमों के लिए ऐसे रास्ते तैयार किए जाएं, जिससे राज्य आधुनिक तकनीक और नए विचारों का बड़ा केंद्र बन सके। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार AI नीति 2026 की समीक्षा करते हुए सीएम ने साफ कहा कि इस पूरी योजना का मकसद प्रदेश के युवाओं को नए मौके देना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सारे काम कागजों से निकलकर तय समय पर जमीन पर दिखने चाहिए।
5 साल में 5 लाख युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग
सीएम ने युवाओं की पढ़ाई और उनके रोजगार पर सबसे अधिक ध्यान देने की बात कही। इसके तहत तय किया गया है कि अगले पांच वर्षों में पांच लाख स्टूडेंट्स को AI की खास ट्रेनिंग दी जायेगी। इसका मतलब है कि हर साल एक लाख छात्र आधुनिक तकनीक सीखेंगे और भविष्य की जरूरतों के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। सीएम का कहना था कि जब आज का बाजार बदल रहा है, तो युवाओं को भी ऐसी स्किल मिलनी चाहिए जिससे उन्हें आसानी से बेहतर काम मिल सके। इसके अलावा बड़े AI मॉडल्स और नई तकनीकों के विकास के लिए भी सरकार हर स्तर पर प्रोत्साहन देगी।

विशेषज्ञों और छात्रों को जोड़ने के लिए हर साल होगा बड़ा AI इवेंट
राज्य में तकनीकी माहौल बनाने के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अगले पांच साल तक बिहार में हर साल एक बड़ा AI कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-दुनिया के तकनीकी विशेषज्ञ, बड़ी कंपनियां, स्टार्टअप्स और कॉलेज के छात्र एक साथ बैठेंगे। सीएम ने कहा कि जब सब एक मंच पर मिलेंगे, तो युवाओं को सीधे जानकारों से सीखने का मौका मिलेगा और बाहर की कंपनियों को भी बिहार में निवेश की संभावनाएं समझ आएंगी।
अफसरों को निर्देश : स्पेशल टीम बनाएं और तय समय में काम पूरा करें
समीक्षा बैठक में सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने नई नीति के सभी पहलुओं पर अपनी बात रखी और बताया कि निवेश आकर्षित करने और जरूरी ढांचे को मजबूत करने के लिए क्या तैयारी है। इसके बाद सीएम ने विभाग को निर्देश दिया कि नीति को तेजी से लागू करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाए। यह टीम तय लक्ष्यों को समय पर पूरा कराने की सीधी निगरानी करेगी। इस बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : VB-G RAM G : बिहार के 38 जिलों में काम शुरू, बाढ़-सूखे की मार झेल रहे मजदूरों को राहत



