WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की सियासत में ‘फुल एक्शन मोड’ की नई इबारत लिखी जा रही है। सीएम सम्राट चौधरी की कैबिनेट ने एक झटके में 23 बड़े फैसलों पर मुहर लगाकर साफ संकेत दे दिया है कि अब फाइलों में सुस्ती नहीं, सीधे जमीन पर काम दिखेगा। पीने के पानी से लेकर हवाई कनेक्टिविटी और बिजली नेटवर्क तक… सरकार ने चौतरफा विकास का ऐसा खाका खींचा है, जिससे सियासी गलियारों में नई हलचल तेज हो गई है। कैबिनेट में आज लिये गये 23 फैसलों ने प्रशासनिक अमले को साफ संदेश दे दिया है कि विकास की रफ्तार में कोई ब्रेक बर्दाश्त नहीं होगा।
कैबिनेट में लिए गए सभी 23 फैसले… जानें
- आदर्श ग्राम योजना के लिए 634 करोड़ रुपए : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत आदर्श ग्राम घटक को राज्य में लागू करने की मंजूरी दी गई। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 634.41 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- राज्यपाल सचिवालय को 1.50 करोड़ की मंजूरी : राज्यपाल सचिवालय में कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और छपाई से जुड़े कामों के लिए बिहार आकस्मिकता निधि से 1.50 करोड़ रुपए अग्रिम खर्च की स्वीकृति दी गई।
- लकड़ी आधारित उद्योगों के नियमों में बदलाव : बिहार काष्ठ आधारित उद्योग (स्थापना एवं विनियमन) नियमावली, 2025 में संशोधन करते हुए नई नियमावली 2026 को मंजूरी दी गई।
- मोतिहारी में खुलेगा नया केंद्रीय विद्यालय : पूर्वी चंपारण जिले के सदर मोतिहारी (बरियारपुर) में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए 5 एकड़ सरकारी जमीन केंद्रीय विद्यालय संगठन को 30 साल की लीज पर दी जाएगी।
- पटना में बनेगा गर्दनीबाग टेक पार्क: राजधानी पटना में गर्दनीबाग टेक पार्क के निर्माण और विकास का काम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को सौंपा गया है। इसके लिए आईटी विभाग और एजेंसी के बीच करार होगा।
- आईटी विभाग में नई सेवा नियमावली : सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तहत कामकाज को बेहतर बनाने के लिए ‘बिहार सूचना प्रावैधिकी अवर सेवा नियमावली, 2026’ के गठन को मंजूरी दी गई।
- खगड़िया जिला सहकारी बैंक को 75 करोड़ की मदद : आरबीआई के नियमों के अनुसार जरूरी पूंजी अनुपात हासिल करने के लिए खगड़िया जिला केंद्रीय सहकारी बैंक को 75 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया है।
- सहकारी बैंकों के लिए 66 करोड़ का साइबर सुरक्षा केंद्र : साइबर फ्रॉड रोकने और डेटा सुरक्षित रखने के लिए बिहार राज्य सहकारी बैंक और जिला सहकारी बैंकों हेतु ‘साइबर सुरक्षा संचालन केंद्र’ बनेगा। इसके लिए 66.11 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।
- बक्सर आयुर्वेद कॉलेज में 3 नए पद : बक्सर स्थित राजकीय श्री धन्वन्तरि आयुर्वेद कॉलेज और अस्पताल में पुराने वर्षों के प्रभाव से सह-प्राध्यापक और प्राध्यापक के कुल 3 अधिसंख्य पद बनाए गए हैं।
- कैलाशपति मिश्र की जयंती राजकीय समारोह बनेगी : बिहार के पूर्व मंत्री और पूर्व राज्यपाल स्व. कैलाशपति मिश्र की जयंती हर साल 5 अक्टूबर को पटना के आईसीएआर परिसर में राजकीय समारोह के तौर पर मनाई जाएगी।
- दरभंगा एयरपोर्ट के पास कार्गो हब, मुआवजे के 225 करोड़ : दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के लिए करीब 50 एकड़ जमीन अधिग्रहण का मुआवजा बढ़ाकर 225.91 करोड़ रुपए कर दिया गया है।
- उड़ान 6.0 के तहत जुड़ेंगे नए हवाई अड्डे : केंद्र की संशोधित उड़ान 6.0 योजना के तहत राज्य के नए हवाई अड्डों और हेलीपोर्ट्स को जोड़ने के लिए राज्य सरकार की जिम्मेदारियों से जुड़े संकल्प को मंजूरी दी गई।
- आपदा प्रबंधन केंद्र का तकनीकी जिम्मा निजी एजेंसी को : राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के कंप्यूटर, सर्वर और वीडियो वॉल सिस्टम की 3 साल तक देखरेख के लिए जीटीपीएल पटना एजेंसी का चयन किया गया।
- गांव की सड़कों की 5 साल तक होगी मरम्मत : ग्रामीण कार्य विभाग के तहत गांव की सड़कों के नियमित सुधार और अगले पांच साल तक रख-रखाव के लिए नया प्रबंधन कार्यक्रम लागू होगा।
- मुंगेर के 177 वार्डों को मिलेगा झील का पानी : मुंगेर के हवेली खड़गपुर और टेटिया बम्बर प्रखंडों में फ्लोराइड की समस्या खत्म करने के लिए खड़गपुर झील के पानी से जलापूर्ति योजना बनेगी। इस पर 279.51 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
- वैशाली के 493 वार्डों में पहुंचेगा गंगाजल : वैशाली के महुआ और चेहराकला प्रखंडों में पीने के पानी का संकट दूर करने के लिए गंगा नदी के पानी पर आधारित जलापूर्ति योजना को 506.71 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली।
- वैशाली में बनेगा फाइव स्टार रिजॉर्ट : पर्यटकों की सुविधा के लिए वैशाली में 10 एकड़ जमीन पर पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक फाइव स्टार रिजॉर्ट तैयार किया जाएगा।
- सड़क ठेकों में 10 फीसदी न्यूनतम दर सीमा बहाल : पथ निर्माण विभाग में प्रतिशत दर निविदा में 10 फीसदी न्यूनतम दर सीमा को फिर से लागू करने का फैसला लिया गया है।
- भीमबांध में ईको टूरिज्म का विस्तार : मुंगेर के प्रसिद्ध भीमबांध क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तीन क्लस्टरों में पीपीपी मॉडल से ईको टूरिज्म विकसित किया जाएगा।
- रामविलास पासवान की जयंती मनेगी राजकीय समारोह : पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण स्व. रामविलास पासवान की जयंती हर साल 5 जुलाई को राजकीय समारोह के रूप में आयोजित की जाएगी।
- तारापुर ग्रिड को मिलेगी दूसरी बिजली लाइन : मुंगेर के 132/33 केवी तारापुर ग्रिड को निर्बाध बिजली देने के लिए नई डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन बनेगी। इस योजना पर 51.07 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
- सुपौल के पिपरा में 575 करोड़ का नया पावर ग्रिड : सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड में मजबूत बिजली सप्लाई के लिए नया बड़ा ग्रिड उपकेंद्र और ट्रांसमिशन लाइन बनेगी। इसके लिए 575.36 करोड़ रुपए की योजना पास हुई।
- साल 2027 की छुट्टियों की लिस्ट जारी : सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से वर्ष 2027 के लिए राज्य सरकार के दफ्तरों और एनआई एक्ट के तहत सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : CM सम्राट ने बाढ़ पीड़ितों के लिए खोला खजाना, 1.60 लाख खाते में भेजे 112.14 करोड़


