अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : दुर्गा पूजा और दशहरे के दौरान पूरे बिहार में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए ऊर्जा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पूजा पंडालों, मंदिरों और मेला घूमने निकलने वाले श्रद्धालुओं को अंधेरे का सामना न करना पड़े, इसके लिए राज्यभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और ऊर्जा सचिव अजय यादव खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राज्यभर में कुल 115 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जो दिन-रात काम कर रहे हैं। कहीं से भी फॉल्ट या कट की खबर आते ही फौरन टीम मौके पर पहुंच रही है, ताकि त्योहार की खुशियों में खलल न पड़े।
उत्तर और दक्षिण बिहार में अलग-अलग व्यवस्था
पूरे राज्य में निर्बाध आपूर्ति के लिए दक्षिण और उत्तर बिहार में अलग-अलग कंट्रोल रूम की चेन तैयार की गई है। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के दायरे में कुल 59 कंट्रोल रूम काम कर रहे हैं। इनमें एक मुख्यालय स्तर पर, 11 अंचल स्तर पर और 47 डिवीजन स्तर पर बनाए गए हैं। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले मेला इलाकों में 200 अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
वहीं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तहत 56 कंट्रोल रूम एक्टिव हैं। इनमें मुख्यालय स्तर पर एक, डिवीजन स्तर पर 46 और अंचल स्तर पर 9 कंट्रोल रूम शामिल हैं, साथ ही 60 अस्थायी केंद्र भी अलग से बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर एक हजार से ज्यादा अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी तरह की खराबी को चंद मिनटों में ठीक किया जा सके।
पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर
पूजा समितियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और पंडालों के आसपास विशेष चौकसी बरती जा रही है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और सौहार्द का बड़ा पर्व है, इसलिए लोगों को बिना रुकावट बिजली देना विभाग का मुख्य काम है। ऊर्जा सचिव अजय यादव ने बताया कि सिर्फ पूजा तक ही नहीं, बल्कि प्रतिमा विसर्जन खत्म होने तक यह विशेष सतर्कता जारी रहेगी। फील्ड स्तर पर व्यवस्था देखने के लिए नॉर्थ बिहार के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार और साउथ बिहार के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल लगातार जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। दोनों कंपनियों के मुख्य अभियंता खुद फील्ड में उतरकर तारों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा जांच रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने पंडालों में टेका माथा, बिहार की समृद्धि की मांगी दुआ


