अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा सहायक अभियंता (सिविल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल) के 1000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही समाप्त होने वाली है। इच्छुक उम्मीदवार 28 मई, 2025 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती अभियान कुल 1024 रिक्तियों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
शैक्षणिक योग्यता से संबंधित मानदंड
सहायक अभियंता पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय या AICTE द्वारा अनुमोदित संस्थान से सिविल, यांत्रिक या विद्युत अभियंत्रण में स्नातक डिग्री होनी चाहिए। केवल विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से नियमित तकनीकी पाठ्यक्रमों के तहत प्राप्त की गई डिग्रियों को ही वैध माना जाएगा। दूरस्थ शिक्षा (Distance Education) के माध्यम से प्राप्त तकनीकी डिग्रियां मान्य नहीं होंगी।
समकक्ष योग्यताएं
उम्मीदवार अगर अभियंत्रण संस्थान (Institution of Engineers India) का सह-सदस्य है या इस संस्थान की प्रशाखा “अ” और “आ” की परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं, तो उसे भी पात्र माना जाएगा। इसके अतिरिक्त, यदि किसी उम्मीदवार ने अभियंताओं के संस्थान भारत द्वारा मान्यता प्राप्त अन्य संस्थानों से “अ” और “आ” के समतुल्य परीक्षा उत्तीर्ण कर अन्य उपाधि प्राप्त की है, तो वह भी पात्रता की श्रेणी में आएगा।
आयु सीमा और छूट
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 साल होनी चाहिए, जो कि 1 अगस्त 2024 को गिनी जाएगी। आरक्षित वर्गों (जैसे SC, ST, OBC आदि) को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी। यह छूट बिहार सरकार के पत्रांक-212, दिनांक 23 जनवरी 2006 के आधार पर दी जाएगी।
वेतनमान
सहायक अभियंता (सिविल/यांत्रिक/विद्युत) पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-09 के अंतर्गत वेतनमान प्रदान किया जाएगा। इस पद के लिए ग्रेड पे 5400 रुपये निर्धारित किया गया है, जो राज्य सरकार के वेतनमान नियमों के अनुसार लागू होगा।
आवेदन शुल्क
- बिहार राज्य के एससी/एसटी/महिला अभ्यर्थियों और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क: 200 रुपये
- अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों और अन्य राज्य के आवेदकों के लिए आवेदन शुल्क: 750 रुपये
इच्छुक उम्मीदवार समय सीमा के भीतर आवेदन करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों को संलग्न करना न भूलें।
इसे भी पढ़ें : अड्डाबाजी करने वालों की हेकड़ी निकालने जब आधी रात को निकले DSP…

