अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : चतरा पुलिस ने समय रहते एक बड़ी वारदात को टाल दिया है। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर किसी संगीन जुर्म को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे एक अपराधी को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए शख्स के पास से एक देशी कट्टा और कुल 60 गोलियां बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के भगिया बरवा टोली निवासी 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से रेकी कर रहा था।
पुलिस को देखते ही जंगल की तरफ भागा, जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-सिमरिया रोड पर स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। खबर मिलते ही सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में तुरंत एक स्पेशल टीम तैयार की गई। टीम में सदर थानेदार अनिल उरांव, सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एएसआई रवि रंजन कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की टीम जैसे ही लाइन होटल के पास पहुंची, वहां मैदान में खड़ा मुकेश गंझू पुलिस की गाड़ी देखकर घबरा गया और जंगल की ओर भागने लगा। इस पर जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरा और खदेड़कर धर दबोचा।
तलाशी में कमर से निकला कट्टा, पूछताछ के बाद जंगल से मिले कारतूस
शुरुआती तलाशी में आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और 10 गोलियां बरामद की गईं। जब पुलिस ने उससे मौके पर ही सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जंगल में छिपाकर रखे बाकी कारतूसों का राज उगल दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल के एक ठिकाने से 50 और गोलियां तथा 2 खाली खोखे बरामद किए। कुल बरामदगी में 54 जिंदा कारतूस, 6 मिसफायर गोलियां, 1 देशी कट्टा और 2 खोखे शामिल हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी किसी खास टारगेट को निशाना बनाने के लिए इलाके की टोह ले रहा था।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
इस पूरे मामले को लेकर चतरा सदर थाने में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की छानबीन में जुटी है कि मुकेश गंझू को हथियार और इतनी भारी संख्या में गोलियां किसने मुहैया कराई थीं और उसके निशाने पर कौन था। कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में रात के सन्नाटे में फायरिंग, पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां


