WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CID ने शनिवार को रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी की है। यह छापेमारी केतारी बागान घाट रोड पर स्थित पुष्पांजलि पैलेस भवन में संचालित हो रहे एक शिक्षण संस्थान में हुई है। इस शिक्षण संस्थान पर कोई आधिकारिक बोर्ड भी नहीं लगा है। CID ने दस से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। लगभग दस से अधिक गाड़ियों में सवार होकर CID की टीम जैसे ही संस्थान पहुंची, वहां मौजूद लड़के-लड़कियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी के संदेह में की गई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह गिरोह “आरएचआई नेचर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड” नाम की कंपनी के नाम पर काम कर रहा था। सीआईडी को कई शिकायतें मिलने के बाद इस गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। छापेमारी में कंपनी से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले कुछ वर्षों से झारखंड के ग्रामीण इलाकों से आए बेरोजगार युवक-युवतियों को सरकारी प्रोजेक्ट और मार्केटिंग में नौकरी देने का झांसा दे रहा था। गिरोह के सदस्य रांची के नामकुम, चुटिया, पुंदाग और अरगोड़ा जैसे इलाकों में कैंप लगाकर युवाओं को कृषि, हेल्थ केयर, कॉस्मेटिक और अन्य उत्पादों की मार्केटिंग में रोजगार देने का वादा करते थे। इसके बदले युवाओं से 20,000 से 25,000 रुपये तक रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर वसूले जाते थे। पैसे लेने के बाद युवाओं को बिना किसी वैध वेतन या नौकरी के, सिर्फ प्रशिक्षण और प्रचार कार्य में लगाया जाता था। अब तक इस नेटवर्क में करीब 500 युवक-युवतियों को शामिल किया गया था, जिनसे अलग-अलग चरणों में मोटी रकम ली गई।
CID ने नामकुम और चुटिया पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की और गिरोह के कई सदस्यों को हिरासत में लिया है। छापेमारी का नेतृत्व डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों ने किया, जबकि पुलिस के कई आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस फर्जी नेटवर्क से कुल कितने लोग जुड़े थे, कितनी रकम वसूली गई और राज्य में इनके अन्य ठिकाने कहां-कहां हैं।

