अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : झारखंड के पलामू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव में एक महिला ने अपने पति को पहले लाठी से पीटा और फिर दुपट्टे से फंदा लगाकर लटकाने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते परिजनों ने उसे बचा लिया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना तीन दिन पहले की है, जब 28 साल की पूजा देवी ने अपने पति संतोष राम पर जानलेवा हमला किया। संतोष के होश में आने के बाद उसने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने पूजा देवी को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया।
सतबरवा थानेदार विश्वनाथ कुमार राणा ने मीडिया को बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इल्जाम है कि गुरुवार की रात जब संतोष घर लौटा तो पूजा ने अचानक उस पर लाठी से हमला कर दिया। संतोष के बेहोश होने के बाद उसने दुपट्टे से फंदा बनाकर उसे लटका दिया। परिजनों को जब जानकारी मिली तो उन्होंने फौरन उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल, तुंबागड़ा में भर्ती कराया।
पूजा और संतोष की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। दोनों के एक 11 साल की बेटी और 9 साल का बेटा है। परिवार के लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। कई बार पंचायत भी बैठ चुकी थी। जानकारी यह भी है कि पूजा रांची स्थित मायके भी कई बार जा चुकी है और कुछ विवाद प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर एमएमसीएच में मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। घायल पति की हालत नाजुक बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : CID के शिकंजे में जमशेदपुर का बड़का फ्रॉड, टपा लिया था 3 करोड़

