अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : झारखंड के पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने ही 60 वर्षीय पिता की हसुआ से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
बहाने से पिता को घर बुलाया, फिर हो गया विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिवाकर सरदार एक मिठाई दुकान में काम करते थे और ज्यादातर वहीं रहते थे। मंगलवार रात उनका बेटा अनूप सरदार उन्हें किसी बहाने से घर बुलाकर लाया था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से और नशे की हालत में अनूप सरदार ने घर में रखे हसुआ से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह खुला हत्या का राज
घटना की जानकारी रात में किसी को नहीं हुई। बुधवार सुबह मामला तब सामने आया जब आरोपी अनूप सरदार अपनी एक बेटी को उसी घर में लेकर पहुंचा। घर के अंदर का हाल देखकर परिवार और पड़ोसियों के होश उड़ गए। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को वहीं से हिरासत में ले लिया।
पोती ने बताई घर की दर्दनाक कहानी
मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उनके पिता अनूप सरदार लंबे समय से शराब के आदी हैं। शराब पीकर घर में अक्सर मारपीट करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता ने घर का सामान तक बेच दिया था और कई बार घर में आग लगाने की कोशिश भी की थी। वर्षा ने बताया कि उनकी मां और बहनों को भी आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। हालात इतने खराब हो गए थे कि उनकी मां और पांचों बेटियां अलग किराए के मकान में रहने लगीं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले अनूप सरदार ने अपनी पत्नी को जलाने की कोशिश भी की थी। परिवार लंबे समय से डर और तनाव में जी रहा था।
पड़ोसियों ने क्या बताया
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनूप सरदार का व्यवहार लंबे समय से हिंसक था। वह शराब के नशे में अक्सर परिवार के लोगों के साथ झगड़ा और मारपीट करता था। पड़ोसियों के मुताबिक उसकी शादी करीब 15 से 20 साल पहले पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में हुई थी। उसके पांच बेटियां हैं। घरेलू हिंसा से परेशान होकर पत्नी और बच्चे उससे अलग रहने लगे थे।
पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
नगर थाना के एएसआई अश्लोक पांडेय ने बताया कि सुबह हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आरोपी बेटे अनूप सरदार को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : जंगल-पहाड़ के बीच तालाब से मिला रेलवे चोरी का माल, मास्टरमाइंड की तलाश तेज

