अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gopalganj : बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवां मोड़ स्थित सिसवा जलालपुर रोड पर बीती देर रात पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर के दरम्यान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोलियां चलानी पड़ी। इस गोलीबारी में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई। उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दो अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। जख्मी शख्स की पहचान सद्दाम हुसैन के तौर पर की गयी। वह सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव का रहने वाला है। जख्मी हालत में उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस इलाके से शराब तस्करी की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने तस्करों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने अचानक पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, 71 कार्टन शराब, एक देसी कट्टा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। फिलहाल फरार तस्करों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
बाकी आरोपियों की हो चुकी है पहचान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही शराब तस्करी में शामिल नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : बिहार को मिली बम से दहलाने की धमकी, हाई अलर्ट पर पुलिस

