अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची की सड़कों पर दिन-रात दौड़ती मोटरसाइकिलें अब पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई हैं। देखने में सब कुछ नॉर्मल लगता है… ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी बाइकें, हेलमेट पहने सवार, पीछे बैठा कोई छात्र या डिलीवरी बॉय। लेकिन इन बाइकों में कुछ ऐसी भी हैं, जिनकी नंबर प्लेट पर लिखा नंबर असली नहीं, बल्कि किसी और वाहन का होता है। यही शक अब हकीकत बन गया है। पिछले कुछ दिनों से ट्रैफिक पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कई वाहन मालिक अपने नंबर प्लेट में हेरफेर कर रहे हैं। कोई अपने वाहन का असली नंबर हटाकर दूसरे का नंबर चिपका देता है, तो कोई चोरी की बाइक पर नकली नंबर लगाकर निश्चिंत घूमता है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने जब इस पर गंभीरता से कार्रवाई करने का फैसला लिया, तो शहर भर में सख्त जांच अभियान शुरू हुआ।
कागज लाने गया ड्राइवर वापस नहीं लौटा
लालपुर और बुटी मोड़ रांची के दो सबसे व्यस्त इलाके। शुक्रवार को जब पुलिस ने यहां जांच अभियान चलाया, तो दो बाइकों का राज खुल गया। पहली बाइक, सफेद रंग की टीवी.एस अपाचे (संख्या JH 01CE-6741), लालपुर चौक पर रोकी गई। चालक से जब कागजात मांगे गए, तो वह “अभी लेकर आता हूं” कहकर चला गया और वापस नहीं लौटा। जांच में पता चला कि बाइक पर जिस नंबर प्लेट लगी थी, वह किसी पैशन प्रो वाहन का नंबर था। इंजन और चेसिस नंबर की जांच में खुलासा हुआ कि यह बाइक बरियातु थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
दूसरी बाइक की भी वही कहानी
दूसरी बाइक काले रंग की अपाचे (संख्या JH 01DX-1834) थी, जिसे बुटी मोड़ पर पकड़ा गया। इस बार भी कहानी वही थी। चालक कागजात लेने गया और गायब हो गया। जब वाहन की जांच हुई तो सामने आया कि इस बाइक का असली नंबर JH 08G-9760 है, जो लोहरदगा के विमल उरांव के नाम पर दर्ज है। यानी चोरी की बाइक को फर्जी नंबर से चलाया जा रहा था।
पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर ली हैं। अब इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि यह कोई संगठित गिरोह का काम है जो चोरी की बाइकों को नए नंबर प्लेट लगाकर शहर में बेचता या चलाता है।
यातायात पुलिस की अपील
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन की नंबर प्लेट में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। मोटरयान अधिनियम के तहत सही नंबर अंकित कर ही वाहन चलाएं। नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : जनता की नब्ज टटोलने तमाड़ पहुंचे डीसी भजंत्री, मची हलचल

