अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ का गोला थाना मंगलवार को पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आया। वजह थी रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत का वार्षिक निरीक्षण। सुबह से ही थाना परिसर में हलचल बढ़ गई थी। पुलिस अधिकारी अपने-अपने रिकॉर्ड दुरुस्त करने में जुटे थे, वहीं जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थे। एसपी ने थाना पहुंचते ही सीधे निरीक्षण शुरू किया और एक-एक व्यवस्था को बारीकी से परखा। थाना के रिकॉर्ड रूम से लेकर मालखाना और हाजत तक, हर हिस्से का निरीक्षण किया गया। एसपी ने लंबित मामलों की फाइलें देखीं और कई मामलों की प्रगति की जानकारी खुद अधिकारियों से ली। उन्होंने साफ कहा कि जिन मामलों में कार्रवाई लंबित है, उन्हें तेजी से पूरा किया जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

पुराने मामलों पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए जो लंबे समय से लंबित चल रहे थे। इस पर एसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वारंट, इश्तेहार और कुर्की जैसे मामलों को हल्के में नहीं लिया जाए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि अपराधियों में कानून का डर बना रहना जरूरी है। अगर फरार आरोपी खुलेआम घूमते रहेंगे तो इससे आम लोगों का भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने हर लंबित मामले की नियमित समीक्षा करने को कहा।

बैंक और एटीएम की सुरक्षा पर खास फोकस
निरीक्षण के दौरान बैंक और एटीएम सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। एसपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि इन जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि अक्सर अपराधी बैंक और एटीएम को आसान निशाना बनाने की कोशिश करते हैं, इसलिए पुलिस की सक्रियता बेहद जरूरी है। उन्होंने गश्ती दलों को निर्देश दिया कि बैंक खुलने और बंद होने के समय इलाके में विशेष निगरानी रखें। साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर बनाए रखने को भी कहा गया।
अड्डाबाजी रोकने के लिए बढ़ेगी गश्ती
गोला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर अड्डाबाजी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों को लेकर भी चर्चा हुई। एसपी ने साफ कहा कि सड़क किनारे बेवजह भीड़ लगाने और माहौल खराब करने वालों पर सख्ती जरूरी है। उन्होंने थानेदार को निर्देश दिया कि बाजार, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाई जाए। पुलिस की लगातार मौजूदगी से अपराध पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा।

बकरीद को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट
आने वाले बकरीद पर्व को देखते हुए भी एसपी ने पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान छोटी सी लापरवाही भी माहौल बिगाड़ सकती है। इसलिए संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष नजर रखने को कहा गया। एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि शांति समिति और स्थानीय लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाए ताकि किसी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति पैदा न हो।
जनता से बेहतर व्यवहार की सीख
निरीक्षण के आखिर में एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थाना आने वाला हर व्यक्ति किसी उम्मीद के साथ आता है। ऐसे में उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनना और समय पर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में आग उगल रहा आसमान, इस जिले का पारा 45 डिग्री पार

