अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gumla : गुमला पुलिस ने सिसई और भरनो इलाके में घेराबंदी करके हथियारों की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस को चकमा देकर चार से पांच शातिर अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सेना और जवानों के इस्तेमाल में आने वाली खतरनाक एके-56 रायफल, देसी कार्बाइन, मैगजीन, दर्जनों जिंदा गोलियां और धारदार फरसा बरामद किया है। इस कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सरहद पार पनाह लिये हुए कुख्यात राहुल सिंह के नाम वाले फेसबुक अकाउंट से एक खुला धमकी भरा पोस्ट डाल दिया गया। पोस्ट में साफ लिखा गया कि बरामद हथियार उसके गैंग के हैं और यह पलमा-गुमला फोरलेन बना रहे अफसरों के लिए सिर्फ एक छोटा सा इशारा था।
आधी रात को जंगल किनारे खड़ी मिली कार, पुलिस को देखते ही भागे बदमाश
मामले की शुरुआत 27 अक्टूबर की रात को हुई। गुमला के पुलिस कप्तान हारिस बिन जमां को पक्की इन्फोर्मेशन मिली थी कि सिसई का रहने वाला रोहित शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ भरनो के लेकोटोली गांव में राजेन्द्र यादव के घर जमा हुआ है। खबर थी कि इन लोगों के पास भारी मात्रा में जानलेवा हथियार हैं और ये किसी बड़े कांड को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही गुमला के SDPO सुरेश प्रसाद यादव की अगुवाई में भरनो और सिसई थानों की एक संयुक्त टीम बनाई गई।
पुलिस की गाड़ी जब रात करीब पौने ग्यारह बजे लेकोटोली गांव के पास पहुंची, तो सड़क किनारे एक लाल रंग की वैगन-आर कार खड़ी दिखाई दी। कार में चार-पांच लोग पहले से बैठे थे। पुलिस जीप की बत्ती देखते ही कार सवार सभी बदमाश दरवाजे खोलकर तेजी से बाहर निकले। रात का गहरा अंधेरा और आसपास घना जंगल होने की वजह से बदमाश झाड़ियों में कूदकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस टीम ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने लावारिस छूटी कार की तलाशी ली, जिसमें से देसी कार्बाइन, गोलियां और एके-56 की मैगजीन बरामद हुई।
राजेन्द्र यादव के घर से निकली एके-56, सरगना रोहित शर्मा की तलाश तेज
कार से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 28 अक्टूबर की सुबह पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान छेड़ दिया। इसी दौरान पुलिस ने लेकोटोली निवासी राजेन्द्र यादव को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर राजेन्द्र टूट गया और उसने बाकी छिपे हथियारों का राज उगल दिया। पुलिस उसे लेकर बताई गई जगह पर पहुंची और वहां से एके-56 रायफल, दो मैगजीन और 7.62 एमएम की चौंतीस जिंदा गोलियां बरामद कीं।
कार और आरोपी की निशानदेही मिलाकर पुलिस के हाथ एक एके-56, दो मैगजीन, 34 गोलियां, एक देसी कार्बाइन, 9 एमएम की दो गोलियां, दो मोबाइल फोन, एक धारदार फरसा, दुर्गा पूजा का चंदा पर्चा और लाल वैगन-आर कार लगी है। पुलिस रिकॉर्ड में सिसई के छारदा गांव का रहने वाला रोहित कुमार शर्मा और उसके दो-तीन अज्ञात साथी नामजद हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
फेसबुक पर राहुल सिंह की खुली धमकी- बिना मैनेज किए काम किया तो…
हथियार मिलने के बाद मामला तब और गरमा गया जब सोशल मीडिया पर राहुल सिंह के नाम से एक पोस्ट जारी किया गया। इसमें लिखा गया कि गुमला में जो एके-56 और कार्बाइन पकड़ी गई है, वह उसी के गिरोह की है। पोस्ट में धमकाते हुए कहा गया कि यह पहला या आखिरी हथियार नहीं है, बल्कि सिर्फ एक नमूना था। यह हथियार पलमा-गुमला फोरलेन सड़क बना रहे अफसरों को समझाने के लिए लाए गए थे कि वे बिना मैनेज किए काम न करें।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि अधिकारियों की किस्मत अच्छी थी कि हथियार पुलिस ने पकड़ लिए। अगर बिना बात किए या बिना मैनेज किए सड़क का काम आगे बढ़ाया गया, तो गिरोह के पास इससे भी ज्यादा आधुनिक हथियारों का जखीरा मौजूद है और हर बार किस्मत साथ नहीं देगी। इसे आखिरी चेतावनी बताते हुए नीचे आजाद सरकार, राजपाल यादव, प्रताप सिंह और मोहित यादव का नाम लिखा गया है।
धमकी भरा ये पोस्ट अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल हुए इस पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
इसे भी पढ़ें : हुनर, हौसला और संवेदना… बारिश की फुहारों के बीच मोरहाबादी में जली उम्मीदों की रोशनी



