अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh (Dharmendra Pradhan) : हजारीबाग के न्यू बिरसा कोल साइडिंग के आउटसोर्सिंग सैनिक कंपनी के कैंप में बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया। साइडिंग परिसर में घुसते ही हमलावरों ने ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां दागी, जिससे वहां काम कर रहे कर्मियों में भगदड़ मच गई। इस अचानक हुई गोलीबारी में साइडिंग का एक स्टाफ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सहकर्मियों ने जल्दबाजी में जख्मी स्टाफ को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से पूरे कोयलांचल इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

ऑक्शन के बाद कोयला उठाने से रोकने का आरोप
वारदात के कुछ ही देर बाद राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी कर इस हमले की पूरी जिम्मेदारी ले ली। ये प्रेस रिलीज प्रकाश शुक्ला के नाम पर बने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया गया है। अब ये प्रेस रिलीज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल हुए इस पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
पोस्ट के जरिए गैंग ने आरोप लगाया कि न्यू बिरसा साइडिंग में लंबे समय से अवैध धंधा चल रहा है। गैंग का कहना है कि जो बाहरी कंपनियां सरकारी नियमों का पालन करते हुए और पूरा टैक्स चुकाकर ऑक्शन में कोयला खरीदती हैं, उन्हें यहां से माल उठाने नहीं दिया जाता। गिरोह ने दावा किया कि सोनाराम मांझी और संजय करमाली के इशारे पर वैध कंपनियों को डराया-धमकाया जा रहा है ताकि केवल कुछ खास लोगों को ही सारा मुनाफा पहुंचाया जा सके। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि यह हमला उसी मनमानी और अवैध सिंडिकेट के विरोध में किया गया है। गैंग की ओर से जारी बयान में राज्य सरकार, जिला प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन से इस पूरे मामले की पड़ताल करने की मांग की गई है।

इलाके में पुलिस की गश्त तेज, हमलावरों की तलाश जारी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत न्यू बिरसा साइडिंग पहुंची और तफ्तीश में जुट गयी। पुलिस ने साइडिंग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर जारी पर्चे की सच्चाई की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही घायल कर्मचारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हमलावरों का सुराग लगाने की कोशिश हो रही है।

इसे भी पढ़ें : चक्रवात ‘अर्नब’ : रांची में 3 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, डीसी बोले- 24 घंटे फील्ड…



