अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी सफाई से बंद घर को निशाना बनाया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर बैठकर आराम से कोल्ड ड्रिंक पीते रहे और फिर लाखों का सामान लेकर फरार हो गए। घटना गोकुलपुर पुलिस लाइन के समीप की है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता सुपर्णा प्रमाणिक ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बंद घर देखकर चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक 17 मई 2026 की रात चोरों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। घर के भीतर पहुंचते ही चोरों ने आराम से पूरे कमरे की तलाशी ली। अलमारी, बक्सा और सामान सबकुछ खंगाल डाला। पीड़िता के अनुसार चोर सोने-चांदी के गहने, करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में कान की बाली, चांदी का पायल और दो भरे हुए गैस सिलेंडर भी शामिल हैं।
जाते-जाते छोड़ गए कोल्ड ड्रिंक की बोतल
इस चोरी की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर वारदात के दौरान इत्मिनान से कोल्ड ड्रिंक भी पीते रहे। मौके से पुलिस को कोल्ड ड्रिंक की बोतल और एक सब्बल बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि सब्बल से ही घर का ताला तोड़ा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरीके से घर को खंगाला गया, उससे लग रहा है कि चोरों को इस बात की पूरी जानकारी थी कि घर बंद है और अंदर क्या-क्या सामान रखा हुआ है।
घर पहुंची महिला तो उड़ गए होश
पीड़िता ने बताया कि जब वह घर पहुंचीं तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारी खुली हुई थी। घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी गई और फिर पुलिस को बुलाया गया। नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वारदात में कौन लोग शामिल थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के तेजतर्रार IPS सुरेंद्र झा की BSF में एंट्री, DIG पद पर नियुक्त

