अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राज्य में आपदा प्रबंधन और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से मुख्यमंत्री राहत कोष में विभिन्न संस्थाओं और जन प्रतिनिधियों द्वारा योगदान देने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को फिल्म उद्योग से जुड़ी प्रमुख संस्था IMPPA यानी इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन और राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
संकल्प में सीएम को सौंपे गए सहायता राशि के चेक
राजधानी पटना स्थित सीएम सम्राट चौधरी के सरकारी आवास परिसर के ‘संकल्प’ कक्ष में आयोजित एक औपचारिक भेंट के दौरान सहायता राशि के चेक सौंपे गए। इस मौके पर इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मुलाकात की और संस्था की ओर से 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया। इसके साथ ही पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने भी अपनी ओर से सामाजिक सरोकार निभाते हुए अपने एक महीने के वेतन का चेक मुख्यमंत्री को प्रदान किया।

विपरीत परिस्थितियों में पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में मिलेगी मदद
इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और पूर्व मंत्री मंगल पाण्डेय के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग समाज के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। प्राप्त हुई यह राशि राज्य में बाढ़, सुखाड़ अथवा अन्य किसी भी प्रकार की प्राकृतिक और आकस्मिक आपदाओं के दौरान प्रभावित एवं असहाय लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों और समर्थ नागरिकों से भी लोक कल्याण के इस कार्य में भागीदारी की अपील की।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का मिशन एजुकेशन : 2996 नए स्कूल भवन, 16440 नए क्लासरूम से बदलेगी तस्वीर



