अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होम पाइप बस्ती के निर्मल नगर में शुक्रवार सुबह घर के बाहर तार जलाने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया। इसी बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली। चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। मां के साथ विवाद होता देख उसका बेटा अमित कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोप है कि युवकों ने उस पर छुरा से हमला कर दिया। हाथ और पैर में गंभीर चोट लगने के बाद अमित को नाले में फेंक दिया गया। परिजनों ने उसे नाले से बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।
घर के बाहर तार जला रहे थे युवक, रोकने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह उनके घर के बाहर कुछ युवक तार जला रहे थे। उन्होंने युवकों को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने उसके साथ बदसलूकी की और गले में पहनी सोने की चेन छीन ली। महिला के अनुसार चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। इसी बीच महिला का बेटा अमित कुमार वहां पहुंच गया। उसने युवकों से मां के साथ विवाद करने का कारण पूछा और बीच-बचाव की कोशिश की। महिला का आरोप है कि इसके बाद युवकों ने अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घायल बेटे को नाले में फेंकने का आरोप, परिजनों ने बचाया
परिजनों का आरोप है कि चाकू लगने के बाद अमित घायल होकर गिर पड़ा, लेकिन हमलावरों ने उसे नहीं छोड़ा। उन्होंने घायल अमित को उठाकर पास के नाले में फेंक दिया। शोर सुनकर परिवार के दूसरे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने अमित को नाले से बाहर निकाला और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी आरोपितों ने धमकाया। उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी गई। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना से पहले CCTV कैमरे हटाने का भी आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में यह भी आरोप लगाया है कि घटना की भनक लगने या वारदात से पहले घर के बाहर लगे दो CCTV कैमरे हटा दिए गए थे। महिला का दावा है कि आरोपित नहीं चाहते थे कि घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो, इसलिए दोनों कैमरों को निकाल दिया गया। पुलिस अब इस आरोप की भी जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : गड्ढे में पलटी XUV तो खुला तस्करी का राज, गाड़ी में ठूंसकर रखे थे 3 मवेशी

