अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शादी का माहौल था। बैंड-बाजा बज रहा था। मेहमानों की भीड़ थी। स्टेज पर रस्में चल रही थीं। हर तरफ खुशी का माहौल था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इसी भीड़ और शोरगुल के बीच एक शातिर चोर दुल्हन की जिंदगी की सबसे कीमती चीजों पर हाथ साफ करने की तैयारी कर चुका है। बीते एक मई की रात रांची के बरियातु थाना क्षेत्र स्थित मैथन मैरेज हॉल में शादी समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था। इसी दौरान अचानक खबर फैली कि दुल्हन का बैग गायब हो गया है। बैग में लाखों रुपये के सोने-चांदी और हीरे के गहने, नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। कुछ ही मिनटों में खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। परिवार के लोग घबरा गए। मेहमानों के बीच फुसफुसाहट शुरू हो गई। हर कोई बैग की तलाश में जुट गया, लेकिन बैग का कहीं कोई पता नहीं चला।
शादी समारोह में ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि आरोपी काफी शातिर तरीके से शादी समारोह में शामिल हुआ था। उसने खुद को मेहमानों की भीड़ में इस तरह शामिल कर लिया कि किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। शादी की रस्मों और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उसने सही मौके का इंतजार किया। जैसे ही लोगों का ध्यान दूसरी तरफ गया, आरोपी ने दुल्हन का बैग उठाया और चुपचाप निकल गया। घटना इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि शुरुआत में किसी को समझ ही नहीं आया कि चोरी कब हुई।
पुलिस के लिए चुनौती बन गया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही बरियातु थाना में मामला दर्ज किया गया। दुल्हन के गहनों की कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई। मामला बड़ा था और शादी समारोह से जुड़ा होने के कारण पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव भी था। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सबसे पहले मैरेज हॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। घंटों फुटेज देखने के बाद पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां असामान्य लगीं। इसके बाद तकनीकी जांच शुरू हुई। मोबाइल लोकेशन, आवाजाही और संदिग्ध के मूवमेंट को खंगाला गया। जांच की कड़ियां धीरे-धीरे रांची से निकलकर मध्य प्रदेश तक पहुंच गईं।
मध्य प्रदेश से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दबिश देकर आरोपी जैकी सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ शुरू हुई तो पहले वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। लेकिन जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूत सामने रखे, तो वह टूट गया। आखिरकार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जैकी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अंतरराज्यीय चोरी गिरोह से जुड़ा है और भीड़भाड़ वाले शादी समारोहों को निशाना बनाता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए गहने और कैश बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा 96 हजार 800 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब बरामद गहने पीड़ित परिवार को दिखाए गए, तो परिवार के लोगों की आंखों में राहत साफ नजर आई। शादी की खुशी पर लगा बड़ा दाग अब कुछ हद तक कम हुआ।
कौन है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी का नाम जैकी सिंह है। उसकी उम्र 39 वर्ष बताई गई है। वह मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अंतर्गत बोड़ा थाना क्षेत्र के गुलखेड़ा गांव का रहने वाला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही हैं कि क्या इस गिरोह ने दूसरे राज्यों में भी शादी समारोहों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
छापेमारी टीम ने ऐसे सुलझाया मामला
इस पूरे ऑपरेशन में बरियातु थाना की टीम ने अहम भूमिका निभाई। छापेमारी दल में एसआई भानु कुमार भारती और जोयदीप बोस शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : बिरहोर बस्तियों में पहुंचे DC ऋतुराज, जमीन पर देखी योजनाओं की हकीकत

