अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Morihari : मोतिहारी के लिए मंगलवार का दिन बड़ी घोषणाओं वाला रहा। गांधी मैदान में बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्वी चंपारण के विकास को लेकर कई योजनाओं का ऐलान किया। सबसे अहम घोषणा लंबे समय से बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने को लेकर रही। सीएम ने कहा कि बंद चीनी मिल को दोबारा चालू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज, मोतिहारी में तारामंडल और अटल कला भवन बनाने की घोषणा की गई। सीएम ने करीब 285 करोड़ रुपए की 145 विकास योजनाओं का रिमोट के जरिए उद्घाटन और शिलान्यास किया। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित बापूधाम महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बंद चीनी मिल खुलेगी, बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज
मोतिहारी की बंद चीनी मिल को फिर से चालू करने की घोषणा ने स्थानीय लोगों और किसानों की उम्मीद बढ़ाई है। सीएम ने कहा कि मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। मिल के चालू होने से गन्ना किसानों को फायदा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। सीएम ने बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा भी की। इसके साथ मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण जल्द शुरू करने की बात कही। केंद्रीय विद्यालय को लेकर भी स्थान बदला गया है। पहले इसे पीपराकोठी में बनाने का निर्णय हुआ था, लेकिन आम लोगों की मांग को देखते हुए अब केंद्रीय विद्यालय बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में फिलहाल चल रहे केंद्रीय विद्यालय के स्थान पर इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना है।
मोतिहारी में अटल कला भवन भी बनाया जाएगा। इसके जरिए कला और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट बनाया जाएगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क बनाने की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा मोतिहारी में मौजूदा मदर डेयरी से भी बड़ी मदर डेयरी स्थापित करने की योजना है। शहर की सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मोतीझील के किनारे मरीन ड्राइव बनाया जाएगा। यह सड़क रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर और अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक जाएगी। इसके साथ नाला निर्माण भी कराया जाएगा।

कई प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, अरेराज जाने का रास्ता होगा बेहतर
सीएम ने मोतिहारी और आसपास की कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की घोषणा की। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर तक 17 किलोमीटर सड़क का भी चौड़ीकरण होगा। शीतलपुर से रमडीहा भाया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज तक जाने वाली सड़क को भी बेहतर किया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कराया जाएगा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन आरसीसी पुल के पहुंच पथ तक सड़क बनाने की योजना है।
सीएम ने कहा कि रक्सौल में एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनाने की दिशा में काम चल रहा है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की भी योजना है। पूर्वी चंपारण में खेल सुविधाओं को लेकर भी काम जारी है। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जा रहा है। लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना विकसित की जा रही है। बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी एनएसडी का नया कैंपस खोलने की भी जानकारी सीएम ने दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसकी स्थापना को मंजूरी दे दी है। बिहार सरकार कैंपस के लिए जमीन उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्य सरकार देगी। इससे बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और शोध की सुविधा मिलेगी।

सहयोग शिविर में सुनी समस्याएं, 30 दिन में समाधान का निर्देश
कार्यक्रम से पहले सीएम ने गांधी मैदान में लगे सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार, समाज कल्याण और ग्रामीण विकास समेत कई विभागों के स्टॉल पर जाकर उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को मिले आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया। सीएम ने बताया कि सहयोग कार्यक्रम के जरिए अब तक करीब 7 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें 96 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निपटारा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दो महीने में 35 लाख लोगों को राशन कार्ड दिया गया है।
सहयोग शिविर में अभियान बसेरा के तहत पात्र लाभुकों को सरकारी जमीन का बासगीत पर्चा दिया गया। मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल भी दी गई। वहीं, 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के जरिए आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपए की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को दी गई।
सीएम ने कहा कि बिहार में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। वर्ष 2030 के चुनाव से पहले एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात उन्होंने कही। मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1.81 करोड़ महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की योजना है। जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय और बकरी पालन से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप के जरिए महिलाओं को दो लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की योजना है।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सीएम ने कहा कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए पीएचडी छात्राओं को चार साल तक हर महीने 10 हजार रुपए की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है। सीएम ने कहा कि आजादी के बाद बिहार में 278 डिग्री कॉलेज थे। 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई गई है। इससे छात्रों को प्रखंड स्तर पर ही डिग्री कॉलेज की शिक्षा मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
बापूधाम महोत्सव के मौके पर सीएम ने चंपारण के इतिहास को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से राहत दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव चंपारण की इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम है।
कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। मौके पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक, विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : बाढ़ से राहत, खेतों तक पानी… CM सम्राट ने केंद्र के सामने रखा बड़ा जल प्लान

