अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : मुंबई के जुहू में 18 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि उनके निशाने पर केवल टाइगर श्रॉफ ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े अभिनेताओं के बंगलों की रेकी भी की थी। आरोपियों ने बताया कि वे मुंबई की सड़कों से अनजान थे, इसलिए वे इंटरनेट पर गूगल के जरिए मशहूर हस्तियों के पते खोजते थे। इसके बाद ऑटो रिक्शा चालकों को करीब एक हजार रुपये देकर उन ठिकानों तक पहुंचते थे और आसपास के रास्तों की पूरी निगरानी करते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने अब इस केस में भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध से जुड़ी धारा 111 भी जोड़ दी है।
अमृतसर से हथियार की तस्करी और दो युवतियों की मदद
जांच के दौरान पुलिस को हथियार जुटाने और नेटवर्क तैयार करने की पूरी कड़ी का पता चला है। इस मामले में अब तक कुल दस लोगों को पकड़ा जा चुका है, जिनमें दो युवतियां भी शामिल हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश से पकड़े गए आरोपियों में कुणाल, सुमित, राधा और बबीता का नाम सामने आया है। जांच के मुताबिक, 21 साल के कुणाल और कपड़े की दुकान पर काम करने वाले 19 साल के सुमित ने अमृतसर से पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस खरीदे थे। इसके बाद हथियार को सुरक्षित मुंबई पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता का इस्तेमाल किया गया। इन दोनों को हथियार देकर मुंबई भेजा गया था ताकि रास्ते में चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। पुलिस अब इन सभी को मुंबई लाकर लगातार पूछताछ कर रही है।
राजस्थान में पकड़े गए शूटर, नेपाल भागने की थी तैयारी
घटना वाले दिन यानी 18 अक्टूबर को जुहू में एक फुटबॉल मैच के बाद जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से निकल रहे थे, तभी बाइक सवार तीन हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली लगने से उनके ड्राइवर फिरदोश और वहां से गुजर रहा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। हमले के तुरंत बाद टाइगर ने खुद गाड़ी चलाकर अपने घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया। गोलीबारी करने वाले तीनों शार्प शूटर्स में बिहार का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, हरियाणा का रेहान और एक नाबालिग शामिल था। वारदात के बाद ये तीनों राजस्थान के कोटा होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन मुंबई और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से इन्हें धर दबोचा गया।
साजिश में कई राज्यों के मददगार शामिल, 10 गिरफ्तार
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हमले के तार कई राज्यों से जुड़े थे। वारदात में शामिल तीनों मुख्य शूटर्स के अलावा हथियार और पनाह देने वाले बाकी सात मददगारों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत निवासी जतिन और समीर भी शामिल हैं। जतिन हथियार लाने अमृतसर गया था, जबकि समीर मुंबई में रहकर शूटर्स की मदद कर रहा था। इसके अलावा 18 साल के अंकित को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर हमले की प्लानिंग के सिलसिले में 20 दिन पहले से मुंबई में रुकने का शक है। मुंबई पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे बैठे मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : “Wait and Watch”… टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद लॉरेंस गैंग का पोस्ट वायरल



