अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दुर्गा पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शहर में कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के मकसद से गुरुवार को राजधानी की सड़कों पर पुलिस ने जोरदार फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी के निर्देश पर निकले इस मार्च में जिले के आला अधिकारियों से लेकर जवानों की पूरी फौज सड़कों पर पैदल गश्त करती नजर आई। मार्च अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) से शुरू होकर मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने साफ संदेश दिया कि त्योहार में गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
संवेदनशील इलाकों और पंडालों के रूट की बारीकी से जांच
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने मेन रोड और आसपास पड़ने वाले प्रमुख पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और विसर्जन जुलूस के तय रास्तों का बारीकी से मुआयना किया। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया गया। जगह-जगह तैनात जवानों को अधिकारियों ने अलर्ट रहने और मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। मुख्य सड़कों के अलावा कोतवाली और हिन्दपीढ़ी जैसे घनी आबादी वाले थाना क्षेत्रों की गलियों में भी पुलिस ने मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सड़कों पर दिखा पुलिस का भारी अमला
इस मार्च में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के तमाम बड़े चेहरे एक साथ सड़कों पर उतरे। मार्च में सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार, सदर एसडीएम कुमार रजत और कोतवाली एएसपी निखिल राय समेत कई थानों के प्रभारी मौजूद रहे। इनके साथ आरएएफ, क्यूआरटी के जवान और बाइक सवार पुलिस दस्ते का भारी काफिला सड़कों पर कदमताल करता दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा का माहौल दिखा।
अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर बरतें सावधानी
रांची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और न ही सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करें। पुलिस ने साफ कहा है कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे या कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे, तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : रांची के इस टोल प्लाजा के पास बेकाबू ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी जोरदार टक्कर, फिर…


