अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma : इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत, चोरी-छिपे मुलाकातें, गांव वालों की नजर और फिर रातोंरात मंदिर में शादी। सुनने में यह किसी फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन यह पूरा मामला कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के पचौरी गांव का है, जहां एक प्रेम विवाह अब बड़े विवाद में बदल गया है। शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे के फरार होने और दहेज मांगने के आरोप ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। इस घटना के बाद गांव में हर चौक-चौराहे पर बस इसी शादी की चर्चा हो रही है। कोई इसे प्यार का अधूरा अंत बता रहा है तो कोई इसे गांव के दबाव में हुई शादी कह रहा है। अब मामला थाने तक पहुंच चुका है और पुलिस जांच में जुट गई है।
Instagram पर शुरू हुई थी बातचीत
पचौरी गांव की रहने वाली काजल कुमारी की पहचान इटाय गांव निवासी रोशन कुमार से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी। धीरे-धीरे चैटिंग लंबी होने लगी। बातों में अपनापन आया और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों घंटों फोन पर बात करते थे। कई बार मुलाकात भी हुई। गांव में कुछ लोगों को इस रिश्ते की भनक थी, लेकिन किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। दोनों को लगता था कि उनका रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ जाएगा, लेकिन 21 मई की रात सबकुछ अचानक बदल गया।
रात में मिलने पहुंचा प्रेमी, गांव वालों ने पकड़ लिया
बताया जाता है कि 21 मई की रात रोशन चुपके से काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। गांव में देर रात किसी युवक की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींच लिया। कुछ ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। गांव में तरह-तरह की बातें होने लगीं। कई लोग नाराज थे तो कुछ दोनों की शादी कराने की बात कहने लगे। माहौल इतना गर्म हो गया कि रात में ही पंचायत जैसी स्थिति बन गई।
मंदिर में देर रात तक चलता रहा हंगामा
ग्रामीणों ने फैसला लिया कि दोनों अगर एक-दूसरे से प्यार करते हैं तो शादी कर लेनी चाहिए। इसके बाद दोनों परिवारों को बुलाया गया। गांव के मंदिर में शादी की तैयारी शुरू हुई। लेकिन मामला इतना आसान नहीं था। बताया जा रहा है कि रोशन शादी के लिए तैयार नहीं था। वह लगातार मना कर रहा था। मंदिर परिसर में घंटों तक बहस, समझाइश और हंगामा चलता रहा। गांव के बुजुर्ग और स्थानीय लोग दोनों को समझाते रहे। आखिरकार दबाव के बीच हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी करा दी गई। रात में ही सिंदूरदान और बाकी रस्में पूरी हुईं। गांव वालों को लगा कि अब मामला शांत हो जाएगा, लेकिन असली विवाद तो इसके बाद शुरू हुआ।
शादी के चंद घंटे बाद ही गायब हो गया दूल्हा
शादी के बाद काजल और रोशन को घर लाया गया। घर में शादी की बाकी रस्में चल रही थीं। परिवार के लोग नई बहू और दूल्हे को लेकर व्यस्त थे। इसी दौरान रोशन ने बाहर जाने की बात कही और घर से निकल गया। पहले तो किसी को शक नहीं हुआ। लोगों ने सोचा कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो पाई। धीरे-धीरे घर का माहौल खुशी से चिंता में बदल गया।
दहेज में 10 लाख मांगने का आरोप
काजल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि रोशन के जाने के कुछ समय बाद उसके परिवार के लोग घर पहुंचे। इनमें उसकी मां, मौसी समेत सात-आठ लोग शामिल थे। आरोप है कि घर पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ते-बढ़ते दहेज तक पहुंच गई। काजल के अनुसार, उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद लड़की पक्ष पूरी तरह टूट गया। जिस शादी को गांव वालों ने इज्जत बचाने का रास्ता बताया था, वही अब परिवार के लिए परेशानी बन गई।
दो दिन तक इंतजार, फिर पहुंची पुलिस के पास
परिवार वालों ने पहले उम्मीद की कि शायद रोशन वापस लौट आएगा। दो दिनों तक उसका इंतजार किया गया, लेकिन जब कोई खबर नहीं मिली तो काजल ने सतगांवां थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ करेगी और सभी आरोपों की जांच की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : दरिंदा देवर… कर बैठा बड़ा गुनाह… जानें क्या

