अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के लोआडीह इलाके में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बहते नाले में शव जैसा एक संदिग्ध अवशेष मिलने की खबर सामने आई। खबर फैलते ही इलाके के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हर कोई यही जानने की कोशिश में था कि आखिर नाले में मिला यह अवशेष किसका है। इस बीच, इलाके में यह चर्चा भी तेज हो गई कि कहीं यह अवशेष कोकर से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति का तो नहीं। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की कोई पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जांच जारी है।
नाले में कुछ संदिग्ध दिखा, फिर पुलिस को दी गई सूचना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लोआडीह इलाके के बहते नाले में कुछ ऐसा दिखा, जिसे देखकर लोगों को शक हुआ। पहले आसपास के लोगों ने खुद देखने की कोशिश की, लेकिन मामला गंभीर लगने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
अदिति के लापता होने से मामला और संवेदनशील
इस घटना ने इसलिए भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि रांची में 18 माह की मासूम अदिति के लापता होने का मामला पहले से चर्चा में है। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस, एनडीआरएफ और दूसरी टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं। बच्ची का सुराग देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने का ऐलान भी रांची पुलिस ने किया है। ऐसे में जैसे ही नाले में अवशेष मिलने की खबर आई, लोगों ने इसे अदिति के मामले से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि बिना जांच के किसी नतीजे पर पहुंचना ठीक नहीं होगा।
इंसान का अवशेष है या जानवर का, यही सबसे बड़ा सवाल
फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी कोशिश यही है कि यह साफ किया जाए कि मिला अवशेष किसी इंसान का है या किसी जानवर का। इसके लिए अवशेष को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक तरीके से इसकी पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती नजर में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मौके पर अफवाहों का दौर, पुलिस ने लोगों से संयम बरतने को कहा
घटना के बाद मौके पर जितनी जुबां, उतनी तरह की बातें होने लगीं। कोई इसे लापता बच्ची से जोड़ रहा था, तो कोई दूसरी कहानी बता रहा था। मौके पर मौजूद लोगों के बीच बेचैनी साफ दिख रही थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवशेष वहां कैसे पहुंचा और इसकी असली पहचान क्या है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।
इसे भी पढ़ें : हाथों के बल घिसटते पहुंचे शख्स के मुख से निकला- DC हों तो ऐसे… जानें क्यों

