अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के ऊपरघाट के बारीडीह जंगल में 14/15 मई की रात कार सवार एक व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई थी। इस कांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। बोकारो पुलिस कप्तान के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने 72 घंटे के भीतर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। हत्या में प्रयुक्त 1 देशी सिक्सर, 1 देशी कट्टा, 9 एम एम की 5 राउण्ड गोली, 315 बोर की 3 गोली, 4 मोबाईल सेट सहित 1 स्कूटी बरामद की गई है। एसपी ने बताया कि इस कांड की साजिश महिला अभियुक्त चंपा देवी ने रची थी। वह विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के सिरैया गांव की रहने वाली है। साल 2024 में दुर्गा पूजा नवमी की रात उसके पति खगेश्वर पंडित की मौत हो गई थी। आरोपी महिला चंपा देवी को शक था कि हेमलाल पंडित ने ओझा-गुनी के नाम पर उसके पति को ज़हर देकर मार दिया। इसी शक के आधार पर उसने अपने दोस्त प्रकाश सिंह के जरिए धनबाद के शूटरों से संपर्क कर हत्या की सुपारी दी।
छह महीने तक योजना बनाते हुए 13 मई को पहली बार घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई, लेकिन भीड़भाड़ के कारण प्रयास विफल रहा। इसके बाद डोमन राम नामक आरोपी ग्राहक बनकर हेमलाल पंडित के घर गया और भूत-प्रेत से मुक्ति दिलाने के बहाने लालच देकर घर बुलाया ओर सुनसान जंगल में रोककर बुलाया, उसे गोली मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि इस हत्या के लिए कुल 3 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें से 2 लाख 35 हजार रुपये अब तक दिए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और SIT लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं थाने में तोड़फोड़ मामले में 20 लोगों पर एफआईआर भी किया गया।
इसे भी पढ़ें : PM पटना एयरपोर्ट के नये टर्मिनल भवन का करेंगे उद्घाटन, कब… बता गये सम्राट



