अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच लफड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मारधाड़ तक पहुंच गया। इस झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी युवक की पहचान राहुल तिवारी के रूप में हुई है। जख्मी राहुल को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए खलबली मच गयी।।
बहस से शुरू हुआ झगड़ा, फिर होने लगा मारधाड़
जानकारी के मुताबिक, पहाड़ी मंदिर के पीछे किसी जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में लोगों ने इसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते बहस तेज हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान राहुल तिवारी को गंभीर चोट लगी। उनके सिर पर गहरी चोट आने से काफी खून बहने लगा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया घायल
मारपीट के दौरान घायल हुए राहुल तिवारी की हालत देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। सिर से लगातार खून बह रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सेवा सदन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस पहुंची, हालात किए काबू
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। सुखदेवनगर थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। एक घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और मामले की जांच की जा रही है।
जमीन विवाद या पुरानी रंजिश, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद सिर्फ निर्माण कार्य को लेकर हुआ या इसके पीछे कोई पुराना विवाद भी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही तस्वीर सामने आ सके। अगर किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : नाले में संदिग्ध अवशेष मिलने से सनसनी, लापता नन्ही अदिति को लेकर बढ़ी बेचैनी

