अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात शख्स ने सात करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह के मोबाइल पर कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर यह धमकी दी। उसने साफ कहा कि अगर सात करोड़ रुपए नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी। इस मामले में विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर पंजाब के मोहाली साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विधायक जरनैल सिंह को कॉल और व्हाट्सएप मैसेज कर दी धमकी
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया और व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। व्हाट्सएप पर आरोपी की प्रोफाइल पर केवल ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपए देने के लिए कह दो, वरना उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने फोन पर धमकाने के साथ ही उसी नंबर से टेक्स्ट मैसेज भेजकर भी फिरौती की मांग दोहराई। जरनैल सिंह का कहना है कि आरोपी ने उनके जनप्रतिनिधि होने का फायदा उठाते हुए उन पर दबाव बनाया, ताकि यह धमकी और फिरौती का संदेश सीधे केजरीवाल तक पहुंच सके।
बीएनएस और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मोहाली साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला बनाया गया है। एफआईआर में जिस मोबाइल नंबर से धमकी आई थी, उसे आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है। इस पूरे मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
कॉल डिटेल खंगालने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को सबूत के तौर पर धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपी लॉग और लोकेशन को तुरंत ट्रेस किया जाए। साथ ही इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। विधायक ने यह भी आग्रह किया है कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बैठाकर अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए।
इसे भी पढ़ें : नीरज के निशाने ने दिलाया ओलंपिक टिकट, विश्व चैंपियनशिप में भारत को दूसरा कोटा


