अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna / New Delhi : बिहार के खेतों में अब सिर्फ अनाज ही नहीं उगेगा, बल्कि उसी जमीन से बिजली भी बनेगी। सम्राट सरकार किसानों की जेब भरने और पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए एक नई योजना पर तेजी से आगे बढ़ रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एग्रीवोल्टाइक्स वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस-2026 में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने यह बात प्रमुखता से रखी। उन्होंने साफ कहा कि बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए यह तकनीक किसी वरदान से कम नहीं है, जहां किसान अपनी जमीन का दोहरा इस्तेमाल करके अपनी कमाई कई गुना बढ़ा सकते हैं।
अन्नदाता अब ऊर्जादाता भी बनेंगे
सम्मेलन के दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पारंपरिक खेती को नई तकनीक से जोड़ने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब लक्ष्य देश के अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने का है। जब किसान के खेत में सोलर पैनल लगेंगे, तो नीचे फसल तैयार होगी और ऊपर से सौर ऊर्जा बनेगी। इससे न सिर्फ बिजली का उत्पादन बढ़ेगा और प्रदूषण कम होगा, बल्कि किसानों को हर महीने बंधी-बंधाई अतिरिक्त आमदनी भी मिलेगी।

दुनियाभर के वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों का लगा जमावड़ा
पावरिंग द ग्लोबल साउथ थीम पर आयोजित इस बड़े सम्मेलन में दुनिया के कई देशों के नीति निर्माता, बड़े कृषि वैज्ञानिक और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान घंटों तक इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे जमीन के एक ही टुकड़े पर खेती और बिजली उत्पादन दोनों काम बिना किसी रुकावट के किए जा सकते हैं। विशेषज्ञों ने इस बात के तरीके सुझाए कि सोलर पैनल लगाने से फसलों की धूप और पानी की जरूरत पर कोई बुरा असर न पड़े और पैदावार भी बेहतर बनी रहे।
बिहार के लिए खास है यह तकनीक
कृषि मंत्री ने बताया कि बिहार में जमीन का रकबा सीमित है और ज्यादातर आबादी खेती पर ही निर्भर है। ऐसे में एग्रीवोल्टाइक्स तकनीक से जमीन का एक-एक इंच सही तरीके से इस्तेमाल में लाया जा सकेगा। इससे गांव-गांव तक हरित ऊर्जा पहुंचेगी, सिंचाई के लिए सस्ती बिजली मिल सकेगी और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर नए काम-धंधे भी निकलेंगे। सरकार इस तकनीक को राज्य में जमीनी स्तर पर उतारने के लिए पूरी तैयारी कर रही है।

इसे भी पढ़ें : सरकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचे, भ्रामक खबरों पर तुरंत हो एक्शन : सीएम सम्राट



